खेत पर खूनी विवाद: महिलाओं से मारपीट का आरोप, फसल पर चढ़ाया ट्रैक्टर; वीडियो आया सामने

उज्जैन / पुलिस दर्पण

उज्जैन । जिले की खाचरौद तहसील के भाटखेड़ी गांव में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। खेत में सोयाबीन की फसल की निंदाई कर रहे परिवार पर कथित तौर पर 20 से 25 लोगों ने लाठी-डंडों और ट्रैक्टर के साथ हमला कर दिया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपियों ने खड़ी फसल पर ट्रैक्टर चला दिया, महिलाओं के साथ मारपीट की और जान से मारने व जिंदा जलाने की धमकी दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसे जांच के लिए पुलिस को सौंपा गया है।

पीड़ित परिवार के अनुसार घटना 25 जुलाई की दोपहर की है। उस समय परिवार खेत में सोयाबीन की निंदाई कर रहा था। तभी ट्रैक्टर और लाठी-डंडों से लैस 20 से 25 लोग खेत पर पहुंचे और विवाद शुरू हो गया। महिलाओं द्वारा विरोध करने पर कथित तौर पर उनके साथ मारपीट की गई तथा खेत खाली करने का दबाव बनाया गया। घटना के वायरल वीडियो में कुछ लोग आपस में धक्का-मुक्की और मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वहीं एक युवती अपनी जान बचाने के लिए खेतों के बीच दौड़ती नजर आ रही है। पीड़ित पक्ष का कहना है कि यह वीडियो घटना के दौरान का है और इसे पुलिस जांच के लिए उपलब्ध कराया गया है।

घटना के बाद पीड़ित राजूबाई, शांतिबाई सहित अन्य महिलाएं और ग्रामीण उज्जैन पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने लिखित शिकायत देकर मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो गई है। उपलब्ध वीडियो, दोनों पक्षों के बयान तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!