‘रन फॉर लाइफ’ में उमड़ा जनसैलाब: 6 हजार लोगों ने लगाई दौड़, नशा मुक्त मध्यप्रदेश का लिया संकल्प

भोपाल / पुलिस दर्पण

भोपाल । मध्यप्रदेश पुलिस के “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान के तहत भोपाल पुलिस कमिश्नरेट द्वारा आयोजित “Run For Life” मैराथन में लगभग 6,000 नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर नशा मुक्त, स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण का संदेश दिया। टी.टी. नगर स्टेडियम से आयोजित इस जन-जागरूकता कार्यक्रम में एडीजी नार्कोटिक्स श्री डी. श्रीनिवास वर्मा, पुलिस कमिश्नर श्री संजय कुमार सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और आमजन को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। मैराथन में छात्र-छात्राओं, खिलाड़ियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, पुलिसकर्मियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। प्रतिभागियों के लिए 2 किलोमीटर वॉकथॉन, 5 किलोमीटर रन और 10 किलोमीटर मैराथन का आयोजन किया गया, जिसमें सभी आयु वर्ग के लोगों ने उत्साह के साथ भागीदारी निभाई।

कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि नशे के खिलाफ जनभागीदारी ही इस सामाजिक बुराई को समाप्त करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। भोपाल पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार तथा समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें, ताकि एक स्वस्थ युवा, सुरक्षित समाज और नशा मुक्त मध्यप्रदेश का निर्माण किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!