नीमच | पुलिस दर्पण
नीमच । राज्य शासन द्वारा जारी पदोन्नति आदेश के बाद नीमच जिले की उप जेल जावद में सोमवार को गरिमामय सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर पदोन्नत हुए जेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों का शाल, श्रीफल एवं पुष्पमालाओं से सम्मान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।
राज्य शासन के आदेशानुसार उप जेल जावद में पदस्थ मुख्य प्रहरी श्री राजेंद्र वर्मा को प्रमुख मुख्य प्रहरी पद पर पदोन्नत किया गया है। वहीं प्रहरी श्री अवधेश सिंह भदौरिया, श्री रामगिरी गोस्वामी एवं श्री सूरज वर्मा को मुख्य प्रहरी पद पर पदोन्नति प्रदान की गई।
सम्मान समारोह में सहायक जेल अधीक्षक डॉ. अंशुल गर्ग ने पदोन्नत अधिकारियों को शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया और नई जिम्मेदारियों के सफल निर्वहन के लिए शुभकामनाएं दीं। डॉ. गर्ग ने कहा कि यह पदोन्नति अधिकारियों की कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन, उत्कृष्ट कार्यशैली एवं समर्पण का सम्मान है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी पदोन्नत अधिकारी नई जिम्मेदारियों का भी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और दक्षता के साथ निर्वहन करते हुए जेल विभाग की गरिमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे। समारोह के दौरान उप जेल जावद के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पदोन्नत अधिकारियों का पुष्पमालाओं से स्वागत कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में उप जेल का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

