सह संपादक बैतूल देवीनाथ लोखंडे
बैतूल । पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन द्वारा जिले के सभी थाना प्रभारियों को संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम तथा आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए सख्त निर्देश दिए गए हैं। उक्त निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश कुमार खरपुसे एवं एसडीओपी बैतूल सुश्री अन्नपूर्णा सिरसाम के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों एवं सतत विवेचना के आधार पर फरवरी माह में हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है।
घटना का विवरण
फरियादी शिवराज सिंह परमार, निवासी ग्राम रातामाटी ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका महिन्द्रा कंपनी का ट्रैक्टर (क्रमांक MP-48-AA-6531) दिनांक 21 फरवरी 2026 को खेत में खड़ा किया गया था, जिसे अगले दिन अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गए।
अपराध पंजीयन
रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 146/2026 धारा 305(बी) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने संभावित स्थानों पर तलाश की तथा सीसीटीवी फुटेज का गहन विश्लेषण किया। मर्दवानी-खारागोंदी के कच्चे मार्ग स्थित जामुन नाला जंगल के समीप अज्ञात आरोपी ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से लगभग 8 लाख रुपये मूल्य का महिन्द्रा अर्जुन नोवो 605 डीआई ट्रैक्टर एवं ट्रॉली बरामद कर विधिवत जब्त कर लिया था।
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
प्रकरण की विवेचना के दौरान घटनास्थल एवं बरामदगी स्थल से प्राप्त तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध आकाश पिता धनराज सिंह ठाकुर (उम्र 28 वर्ष), निवासी ग्राम रातामाटी को बैतूल से हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूर्व में गिरफ्तार आरोपी
- कमलेश यादव, निवासी बांसपानी।
- दिनेश यादव, निवासी महुपानी।
पूछताछ में आरोपी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर ट्रैक्टर-ट्रॉली चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से घटना के समय प्रयुक्त मोटरसाइकिल एवं मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। आरोपी को गिरफ्तार कर दिनांक 29 जुलाई 2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक देवकरण डेहरिया, उपनिरीक्षक राकेश कुमार सरयाम, प्रधान आरक्षक दिनेश निमोदा, आरक्षक उज्ज्वल दुबे तथा साइबर सेल के आरक्षक राजेंद्र धाड़से की विशेष भूमिका रही।
जनहित में अपील
पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन ने जिलेवासियों से अपील की है कि अपने ट्रैक्टर, कृषि यंत्र एवं अन्य वाहनों को सुरक्षित स्थान पर खड़ा करें तथा यथासंभव सुरक्षा लॉक एवं जीपीएस जैसे सुरक्षा साधनों का उपयोग करें। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन अथवा आपराधिक गतिविधि की जानकारी तत्काल डायल 112 अथवा निकटतम पुलिस थाना को दें। आमजन की सतर्कता एवं सहयोग से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।

