इंदौर में दर्दनाक घटना: मां-बेटे की संदिग्ध मौत, जहरीला पदार्थ सेवन करने की आशंका; पुलिस जांच में जुटी

इंदौर। पुलिस दर्पण

इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर शहर से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में 62 वर्षीय महिला और उनके 35 वर्षीय बेटे की कथित रूप से जहरीला पदार्थ सेवन करने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और सनसनी का माहौल है। पुलिस के अनुसार, 62 वर्षीय इंदिरा और उनके 35 वर्षीय बेटे संजय घर से करीब 100 मीटर दूर स्थित एक गार्डन की ओर गए थे। कुछ समय बाद दोनों वहां अचेत अवस्था में पड़े मिले। स्थानीय लोगों ने तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी। दोनों को गंभीर हालत में एमवाय अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

मानसिक बीमारी का चल रहा था इलाज

परिजनों के अनुसार, इंदिरा के पति का कई वर्ष पहले निधन हो चुका था। इसके बाद मां-बेटा अपनी बेटी, भांजे और अन्य परिवारजनों के साथ रह रहे थे। बताया गया कि संजय किसी प्रकार का रोजगार नहीं करते थे और दोनों का खर्च परिवार द्वारा उठाया जा रहा था। परिजनों का कहना है कि दोनों लंबे समय से मानसिक बीमारी से पीड़ित थे और उनका इलाज बाणगंगा स्थित मानसिक चिकित्सालय में चल रहा था।

पुलिस कर रही हर पहलू से जांच

पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में जहरीला पदार्थ सेवन करने की आशंका सामने आई है। अधिकारियों ने बताया कि उपचार के दौरान दोनों के बयान दर्ज किए गए थे, जिनमें उन्होंने अपनी इच्छा से जहरीला पदार्थ खाने की बात कही थी। हालांकि, पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना ने स्थानीय लोगों को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही मामले के सभी तथ्य स्पष्ट हो सकेंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!