ग्वालियर। पुलिस दर्पण
ग्वालियर। जिले में आमजन की राजस्व संबंधी समस्याओं के शीघ्र समाधान और अधीनस्थ राजस्व न्यायालयों की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने निरीक्षण अभियान शुरू किया है। कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देश पर वरिष्ठ अधिकारी लगातार राजस्व न्यायालयों एवं कार्यालयों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा कर रहे हैं।
इसी क्रम में अपर कलेक्टर अनिल बनवारिया ने बुधवार को मुरार तहसील अंतर्गत तहसील कार्यालय, वृत्त सुपावली एवं बड़ा गांव का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने लंबित राजस्व प्रकरणों की समीक्षा कर तहसीलदारों एवं नायब तहसीलदारों को सभी प्रकरण आरसीएमएस (RCMS) पोर्टल पर दर्ज कर उनका समयबद्ध एवं त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अपर कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि तहसीलों में आने वाले ग्रामीणों और आम नागरिकों के साथ संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए राज्य शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी, प्रभावी और शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जिला प्रशासन का उद्देश्य राजस्व सेवाओं को अधिक सुगम, पारदर्शी और जनहितैषी बनाते हुए नागरिकों को समय पर न्याय एवं राहत उपलब्ध कराना है।

