36 घंटे में वेयरहाउस चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार, 1 लाख की फसल बरामद

गुना। पुलिस दर्पण

गुना। चांचौड़ा थाना क्षेत्र में वेयरहाउस से धनिया और सोयाबीन की फसल चोरी के मामले में गुना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 36 घंटे के भीतर वारदात का खुलासा कर दिया। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 1 लाख रुपये मूल्य की चोरी की गई फसल बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी चांचौड़ा मनोज कुमार झा के पर्यवेक्षण में चांचौड़ा थाना और बीनागंज चौकी पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की।

पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई 2026 को फरियादी मनीष अग्रवाल निवासी बीनागंज ने निचला बाजार स्थित अपने वेयरहाउस से धनिया और सोयाबीन की बोरियां चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस पर चांचौड़ा थाने में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

लगातार की गई पतारसी और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने 29-30 जुलाई की रात तीन आरोपियों—निर्दुल उर्फ फेंटा गोस्वामी (26 वर्ष), प्रदीप उर्फ प्रदुम्न भील (26 वर्ष) और अभिषेक गोस्वामी (19 वर्ष), निवासी ग्राम भानपुरा बाबा, थाना चांचौड़ा—को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से धनिया के 20 कट्टे और सोयाबीन के 3 कट्टे, कुल करीब 1 लाख रुपये मूल्य की चोरी की गई फसल बरामद की गई।

पुलिस ने बताया कि मामले की विस्तृत विवेचना जारी है। इस कार्रवाई में बीनागंज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नीरज लोधी सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!