जबलपुर पुलिस की बड़ी सफलता: वाहन चोरी गिरोह का पर्दाफाश, 10 बाइक-स्कूटर और 4 ई-रिक्शा बैटरियां बरामद

जबलपुर। पुलिस दर्पण

जबलपुर। थाना हनुमानताल पुलिस ने वाहन चोरी और बैटरी चोरी के मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शातिर वाहन चोरों (एक विधि-विवादित बालक सहित) तथा चोरी की बैटरियां खरीदने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 चोरी के दोपहिया वाहन और ई-रिक्शा की 4 बैटरियां बरामद की हैं। बरामद मशरूका की कुल अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में वाहन चोरी, लूट, नकबजनी और अन्य संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष जाखड़ तथा नगर पुलिस अधीक्षक गोहलपुर उदयभान बागरी के मार्गदर्शन में थाना हनुमानताल पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बकरा मार्केट क्षेत्र में दबिश देकर जितेन्द्र सोनकर और मुशीर उर्फ मूसा को चोरी के वाहन सहित गिरफ्तार किया।

पूछताछ में दोनों आरोपियों ने नशे की लत पूरी करने के लिए शहर के विभिन्न क्षेत्रों से कई दोपहिया वाहन चोरी करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने 7 चोरी के वाहन बरामद किए। इसी क्रम में एक अलग कार्रवाई में पुलिस ने 16 वर्षीय विधि-विवादित बालक को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा। पूछताछ में उसकी निशानदेही पर 3 अन्य चोरी के वाहन भी बरामद किए गए।

वहीं, ई-रिक्शा से चार बैटरियां चोरी होने के मामले में पुलिस ने प्रथम उर्फ प्रदीप सोनकर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने चोरी की बैटरियां शाहरुख नामक कबाड़ी को बेचने की बात स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने शाहरुख को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई चारों बैटरियां बरामद कर लीं।

पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है। साथ ही अन्य चोरी के मामलों और बरामद वाहनों के वास्तविक मालिकों की पहचान के लिए जांच जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सुभाष चंद बघेल, उपनिरीक्षक राजेश पाण्डेय, सहायक उपनिरीक्षक राजेश मिश्रा सहित थाना हनुमानताल की पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!