सूने मकान पर थी शातिरों की नजर, आमला पुलिस ने दबोचे अंतरजिला नकबजन; सोना-चांदी के जेवरात बरामद
देवीनाथ लोखंडे सह संपादक पुलिस दर्पण दक्षिण मध्य प्रदेश
बैतूल। आमला में दिनदहाड़े हुई करीब 20 लाख रुपये की सनसनीखेज नकबजनी का आमला पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने नरसिंहपुर और सिवनी के दो शातिर अंतरजिला नकबजनों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 18 से 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। आरोपियों का कई जिलों में चोरी, नकबजनी और लूट के मामलों का लंबा आपराधिक इतिहास सामने आया है।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र कुमार जैन के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे एवं एसडीओपी शिवकुमार सिंह के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने वैज्ञानिक जांच, साइबर विश्लेषण, डॉग स्क्वाड और मुखबिर तंत्र की मदद से इस हाई-प्रोफाइल चोरी का खुलासा किया।
15 मिनट में तोड़ा ताला, लाखों का माल समेटकर हुए फरार
26 मई 2026 को आमला के बोड़खी नाका निवासी दम्मूलाल सूर्यवंशी के सूने मकान का ताला तोड़कर बदमाश अंदर घुसे। आलमारियों के लॉक तोड़कर 5 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के कीमती जेवरात लेकर फरार हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
वैज्ञानिक जांच बनी सफलता की कुंजी
घटनास्थल से जुटाए गए फिंगरप्रिंट, डॉग स्क्वाड की मदद, तकनीकी साक्ष्य और साइबर विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने जितेंद्र उर्फ मंझले विश्वकर्मा और सुरेंद्र उर्फ विक्की ठाकुर को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने वारदात कबूल कर ली और उनकी निशानदेही पर लाखों रुपये के जेवरात बरामद हुए।
ऐसे चुनते थे निशाना
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पहले से योजना नहीं बनाते थे। रास्ते में जो मकान सूना दिखाई देता, उसी को निशाना बना लेते थे। घटना वाले दिन भी दोनों आरोपी पिपरिया और इटारसी होते हुए बैतूल पहुंचे और बोड़खी क्षेत्र में सूना मकान देखकर मात्र 15 से 20 मिनट में चोरी कर फरार हो गए।
कई जिलों में दर्ज हैं गंभीर अपराध
मुख्य आरोपी जितेंद्र उर्फ मंझले के खिलाफ नरसिंहपुर, रायसेन, सागर और बैतूल में चोरी, नकबजनी और लूट के कई मामले दर्ज हैं। वहीं सुरेंद्र उर्फ विक्की ठाकुर पर सिवनी, सागर, छिंदवाड़ा और बैतूल में आर्म्स एक्ट, लूट, चोरी और नकबजनी के गंभीर प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस ने संगठित अपराध की आशंका के चलते प्रकरण में धारा 111 बीएनएस भी जोड़ दी है।
क्या-क्या हुआ बरामद?
पुलिस ने आरोपियों से सोने का हार, रानीहार, चैन, कंगन, मंगलसूत्र, झुमके, सात जोड़ी टॉप्स, चांदी के आभूषण, लक्ष्मीजी अंकित 10 चांदी के सिक्के, अन्य जेवरात तथा एक होंडा शाइन मोटरसाइकिल जब्त की है। बरामद माल की कुल कीमत 18 से 20 लाख रुपये बताई जा रही है।
एसपी की अपील
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र कुमार जैन ने नागरिकों से अपील की है कि घर लंबे समय तक सूना छोड़ने पर इसकी सूचना पुलिस और विश्वसनीय पड़ोसियों को दें, मजबूत सुरक्षा व्यवस्था रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल-112 या निकटतम पुलिस थाने को दें।

