देवींनाथ लोखंडे सह संपादक पुलिस दर्पण दक्षिण मध्य प्रदेश
बैतूल । जिले के आठनेर थाना क्षेत्र के ग्राम पुसली में हुए बहुचर्चित युवक मोहित गलफट हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच के अनुसार, भारतीय वायुसेना में चयनित मोहित गलफट की हत्या उसके प्रशिक्षण पर रवाना होने से ठीक एक दिन पहले सुनियोजित षड्यंत्र के तहत की गई। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य लोगों की भूमिका की जांच अभी जारी है।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में गठित विशेष जांच दल ने वैज्ञानिक विवेचना, तकनीकी साक्ष्यों और घटनास्थल से मिले प्रमाणों के आधार पर इस जघन्य हत्याकांड की परत-दर-परत सच्चाई उजागर की।
20 दिन पहले रची गई थी हत्या की साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की बहन ने आरोपी राजा मस्की से प्रेम विवाह किया था। आरोप है कि राजा की नजर अपने ससुर की 7–8 एकड़ कृषि भूमि पर थी। वहीं सह-आरोपी संजय और आकाश का परिवार भी खेत, सिंचाई और अन्य विवादों को लेकर मृतक के परिवार से वर्षों से रंजिश रखता था। इसी लालच और दुश्मनी ने तीनों को हत्या की साजिश रचने पर मजबूर किया।
एयरफोर्स में चयन बना हत्या की वजह
मोहित का चयन भारतीय वायुसेना में हो चुका था और उसे 26 जुलाई को प्रशिक्षण के लिए रवाना होना था। आरोपियों को आशंका थी कि नौकरी पर जाने के बाद उनकी जमीन हड़पने की योजना कभी पूरी नहीं होगी। इसी कारण 25 जुलाई की रात उसकी हत्या कर दी गई।
मंदिर जाने के बहाने बुलाया, वायर से घोंट दिया गला
पुलिस के अनुसार, मोहित गांव के मंदिर में प्रसाद चढ़ाने के लिए सोनपापड़ी खरीदकर लौट रहा था। इसी दौरान आरोपी उसे दूसरे मंदिर चलने का बहाना बनाकर खेत स्थित झोपड़ी में ले गए। वहां पहले से मौजूद तीसरे आरोपी के साथ मिलकर तीनों ने उसे पकड़ लिया और वायर से गला घोंटकर हत्या कर दी।
हत्या के बाद शव को बोरी में भरकर कुएं में फेंक दिया गया। पुलिस को गुमराह करने के लिए जूते और संघर्ष के निशान अलग-अलग स्थानों पर छोड़े गए, लेकिन आरोपी का झोपड़ी में छूटा मोबाइल पूरी साजिश का सबसे बड़ा सबूत बन गया।
वैज्ञानिक जांच से खुला राज
एसडीआरएफ की मदद से कुओं की तलाशी में शव बरामद हुआ। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण, घटनास्थल निरीक्षण और आरोपियों के मेमोरेंडम के आधार पर पूरे षड्यंत्र का खुलासा कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में:
संजय उर्फ पिंटिया गलफट, आकाश गलफट, राजा मस्की (मृतक का जीजा) शामिल हैं। सभी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।


