रतलाम। पुलिस दर्पण
रतलाम। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत रतलाम कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने शुक्रवार को आलोट तहसील के ग्राम किशनगढ़ का दौरा कर तहसील कार्यालय एवं जनपद पंचायत कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ई-ऑफिस व्यवस्था, राजस्व अभिलेख, न्यायालयीन प्रकरणों, निर्वाचन संबंधी कार्यों तथा विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति का गहन परीक्षण करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
तहसील कार्यालय के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ई-ऑफिस प्रणाली का स्वयं कंप्यूटर पर संचालन कर उसकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण कर राजस्व अभिलेखों की व्यवस्था देखी तथा न्यायालयीन एवं राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्वाचन संबंधी कार्यों की प्रगति का भी जायजा लिया।
इसके बाद कलेक्टर ने जनपद पंचायत आलोट पहुंचकर विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन, ग्रामीण विकास कार्यों तथा सुदूर संपर्क सड़क परियोजनाओं के पूर्ण एवं लंबित कार्यों की जानकारी प्राप्त की। अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं, ताकि ग्रामीणों को योजनाओं का समय पर लाभ मिल सके।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री वैशाली जैन, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री सोनकर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री कटेसरिया ने अधिकारियों से कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का उद्देश्य प्रशासनिक सेवाओं को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितकारी बनाना है। उन्होंने निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए तथा प्रत्येक अधिकारी शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।

