कलेक्टर अजय कटेसरिया व विधायक चिंतामणि मालवीय ने सुनीं समस्याएं, सड़क, बिजली, शिक्षा, फसल बीमा सहित विभिन्न मामलों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश
रतलाम/आलोट। पुलिस दर्पण
रतलाम/आलोट। मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को जनपद पंचायत आलोट की ग्राम पंचायत किशनगढ़ से जिले में अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। आयोजित जनसंवाद एवं जनसुनवाई शिविर में कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया, आलोट विधायक श्री चिंतामणि मालवीय, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुश्री वैशाली जैन, जनपद पंचायत अध्यक्ष, जिला एवं जनपद पंचायत सदस्य, जनप्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
शिविर में आम नागरिकों के साथ सीधा संवाद स्थापित करते हुए उनकी समस्याएं और सुझाव सुने गए। जनसुनवाई के दौरान प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए गए। साथ ही युवा उद्यमियों और प्रगतिशील किसानों से चर्चा कर उनके अनुभव एवं सुझाव प्राप्त किए गए।
जनसुनवाई में ग्रामीणों ने सड़क एवं पुल निर्माण, नाली निर्माण, ग्रामीण संपर्क मार्ग, विद्यालयों में शिक्षकों की नियुक्ति, नवीन विद्युत ग्रिड की स्थापना, अतिक्रमण हटाने, विद्यालय भवनों की मरम्मत, श्मशान घाट के स्थानांतरण तथा फसल बीमा सहित अनेक जनहित से जुड़े मुद्दे उठाए। कलेक्टर ने सभी आवेदनों का गंभीरता से परीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर विधायक श्री चिंतामणि मालवीय ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान सुशासन और जनसेवा की दिशा में राज्य सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल सामूहिक समस्याओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि प्रत्येक नागरिक की व्यक्तिगत समस्याओं का भी समाधान सुनिश्चित करेगा। आगामी पांच माह तक अधिकारी नियमित रूप से गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे और उनका निराकरण करेंगे।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य पूरी पारदर्शिता और नियमों के अनुरूप किए जाएं तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति को समय पर न्याय मिले। यदि किसी मामले में नियमों के कारण समाधान संभव नहीं हो, तो संबंधित व्यक्ति को स्पष्ट और सम्मानजनक तरीके से कारण बताया जाए। विधायक ने नल-जल योजना के प्रभावी संचालन, प्रशासनिक संवेदनशीलता तथा आलोट क्षेत्र में उद्योगों को बढ़ावा देकर स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने पर भी विशेष जोर दिया।
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के अंतर्गत आयोजित उद्यम संवाद में युवा उद्यमी श्री चंद्रशेखर शर्मा, श्री जितेंद्र सिंह, श्री राहुल जैन एवं श्री मंगलेश पांचाल सहित अन्य उद्यमियों ने अपने उद्योगों, नवाचारों और विस्तार की संभावनाओं पर विचार साझा किए तथा उद्योग विकास से जुड़े सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे।
वहीं किसान संवाद में प्रगतिशील किसान श्री बने सिंह, श्री संजय शर्मा एवं श्री विशाल जायसवाल सहित अन्य किसानों ने जैविक खेती, पशुपालन, दुग्ध उत्पादन और आधुनिक कृषि तकनीकों के सफल प्रयोगों की जानकारी साझा की। अधिकारियों ने किसानों एवं उद्यमियों के सुझावों का स्वागत करते हुए आवश्यक कार्यवाही का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के शुभारंभ के साथ ही प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आगामी महीनों में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे शिविर आयोजित कर शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने, जनसमस्याओं का मौके पर निराकरण करने तथा प्रशासन और आमजन के बीच विश्वास को और मजबूत बनाने का प्रयास किया जाएगा।

