रतलाम / पुलिस दर्पण
कथित जनविरोधी नीतियों, बढ़ती महंगाई, नगर निगम में कथित भ्रष्टाचार और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर सोमवार को जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में रतलाम में विशाल जनाक्रोश रैली निकाली गई। हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी में निकली इस रैली के दौरान पोलो ग्राउंड के समीप पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प हो गई। स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस ने पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष हर्ष विजय गहलोत, शहर कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा सहित कई नेताओं को हिरासत में ले लिया।
रैली शुरू होने से पहले सैलाना बस स्टैंड स्थित कृषि उपज मंडी परिसर में जनसभा आयोजित की गई। सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष हर्ष विजय गहलोत ने आरोप लगाया कि प्रदेश में किसान खाद, बीज, बिजली और सिंचाई जैसी मूलभूत जरूरतों के लिए परेशान है, जबकि पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों ने आम आदमी का बजट बिगाड़ दिया है। शहर कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा ने नगर निगम पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि नागरिकों को सीवरेज, लाइसेंस और अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
सुबह 11 बजे कृषि उपज मंडी से शुरू हुई रैली में बैलगाड़ियां, ट्रैक्टर-ट्रॉलियां और हजारों की संख्या में पैदल कार्यकर्ता शामिल हुए। सबसे आगे चल रही बैलगाड़ियों पर महिला कांग्रेस की पदाधिकारी सरकार विरोधी तख्तियां लेकर बैठी थीं। रैली सैलाना बस स्टैंड, शहर सराय, रानीजी का मंदिर, धानमंडी, डालूमोदी बाजार और कॉलेज रोड होते हुए पोलो ग्राउंड पहुंची। रास्ते में कई स्थानों पर नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर प्रदर्शनकारियों का स्वागत किया तथा पानी की व्यवस्था भी की।
पोलो ग्राउंड के बाहर प्रशासन ने पहले से ही भारी पुलिस बल और बैरिकेडिंग की व्यवस्था कर रखी थी। जैसे ही रैली वहां पहुंची, प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड्स पार करने का प्रयास किया, जिससे पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। हालात बिगड़ते देख नगर निगम और प्रशासन की टीम ने फायर ब्रिगेड के माध्यम से पानी की तेज बौछारें छोड़कर भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया, जिला कांग्रेस अध्यक्ष हर्ष विजय गहलोत, शहर कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा, पूर्व विधायक पारस सकलेचा, प्रदेश महिला कांग्रेस उपाध्यक्ष यासमीन शेरानी, जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष मयंक जाट, बंटी डाबी, जिला (समन्वयक राहुल गांधी पदयात्रा) संजय चौहान, जिला कांग्रेस सचिव तुफान सिंह सोनगरा नामली, नामली शहर कांग्रेस अध्यक्ष दिलीप सिंह सोलंकी,राजेश चौहान पार्षद नामली तथा महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम चाहर सहित कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
कांग्रेस ने इस प्रदर्शन को जनता की आवाज बताते हुए सरकार के खिलाफ संघर्ष जारी रखने की बात कही, जबकि प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई किए जाने की बात कही।

