देवीनाथ लोखंडे सह संपादक पुलिस दर्पण मध्य प्रदेश दक्षिण
बैतूल। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत बैतूल पुलिस द्वारा बुधवार को भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन के नेतृत्व में निकली इस रैली ने शहरवासियों में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत किया।
रैली का शुभारंभ दोपहर 3:45 बजे पुलिस ग्राउंड बैतूल से हुआ। हाथों में तिरंगा लेकर निकले पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों, विशेष सशस्त्र बल, होमगार्ड जवानों, NSS, स्काउट एवं विद्यालयीन छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। रैली ने नेहरू पार्क, जिला चिकित्सालय, मुला पेट्रोल पंप, छत्रपति शिवाजी चौक एवं पुलिस कंट्रोल रूम तिराहा होते हुए रक्षित केंद्र बैतूल पहुंचकर समापन किया।
इस दौरान पूरा मार्ग देशभक्ति के उत्साह से सराबोर नजर आया। तिरंगा हाथों में लेकर चल रहे पुलिस जवानों और विद्यार्थियों ने नागरिकों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने तथा राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का संदेश दिया।
रैली में पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपूसे, एसडीओपी बैतूल अन्नपूर्णा सिरसाम, डीएसपी दिनेश आर्मो, डीएसपी दिनेश मर्सकोले, प्रभारी सीन ऑफ क्राइम निरीक्षक आबिद अंसारी, थाना प्रभारी गंज निरीक्षक नीरज पाल, यातायात प्रभारी/रक्षित निरीक्षक गजेंद्र केन, रक्षित निरीक्षक प्रदीप रघुवंशी सहित जिला पुलिस बल, विशेष सशस्त्र बल, होमगार्ड एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।
एसपी वीरेन्द्र जैन ने जिलेवासियों से की अपील
पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है। हर नागरिक हर घर तिरंगा अभियान में सहभागिता करते हुए अपने घर पर तिरंगा फहराए और स्वतंत्रता दिवस को गौरव एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाए।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव का पर्व नहीं, बल्कि देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को याद करने का अवसर भी है। तिरंगा रैली का उद्देश्य राष्ट्र की एकता, अखंडता, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का संदेश जन-जन तक पहुंचाना है।
पुलिस की नागरिकों से अपील
पुलिस ने नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने, यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग करने तथा नशे में वाहन नहीं चलाने की अपील की। साथ ही सोशल मीडिया पर अफवाह, भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित नहीं करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया।
पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आइए, हम सभी तिरंगे के सम्मान, राष्ट्र की एकता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने का संकल्प लें और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जन-जन का अभियान बनाएं।

