नामली/रतलाम। पुलिस दर्पण
नामली/रतलाम। देश की आजादी पर्व स्वतंत्रता रतलाम जिले सहित नामली नगर एवं ग्रामीण अंचलों में देशभक्ति, उत्साह और गरिमा के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मनाई गई। जिले का मुख्य समारोह स्थानीय पुलिस लाइन मैदान में आयोजित हुआ, जहां मुख्य अतिथि एवं कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने राष्ट्रध्वज फहराकर परेड की सलामी ली और जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। मुख्य समारोह में कलेक्टर श्री कटेसरिया ने खुली जीप में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया।
एसएएफ 24वीं वाहिनी ‘बी’ कंपनी रतलाम, जिला पुरुष पुलिस बल, जिला महिला पुलिस बल, होमगार्ड, एनसीसी सीनियर एवं जूनियर डिवीजन तथा विभिन्न विद्यालयों की टुकड़ियों ने अनुशासन और देशभक्ति से ओतप्रोत आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। हर्ष फायर के साथ शांति, समृद्धि एवं राष्ट्रीय एकता के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गए।
समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के स्वतंत्रता दिवस संदेश का सीधा प्रसारण किया गया। इसके बाद कलेक्टर श्री कटेसरिया ने शासन का बधाई संदेश पढ़कर सुनाया तथा परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त किया। लोकतंत्र सेनानियों का शाल, श्रीफल एवं पुष्पहार से सम्मान किया गया। उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय सेवाएं देने वाले शासकीय अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
परेड में एसएएफ प्रथम, जिला पुलिस द्वितीय
परेड प्रतियोगिता में एसएएफ 24वीं वाहिनी ‘बी’ कंपनी रतलाम ने प्रथम, जिला पुलिस बल रतलाम ने द्वितीय तथा मॉर्निंग स्टार हाई स्कूल रतलाम की एनसीसी प्लाटून ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से जुड़ी मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। सांस्कृतिक प्रतियोगिता में शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय प्रथम, सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल द्वितीय तथा मॉर्निंग स्टार हायर सेकेंडरी स्कूल तृतीय रहा। विजेताओं को अतिथियों ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में नगर निगम महापौर श्री प्रहलाद पटेल, जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य श्री प्रदीप उपाध्याय एवं श्री विप्लव जैन, पुलिस उप महानिरीक्षक, पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार, जिला पंचायत सीईओ सुश्री वैशाली जैन, अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र रावत, नगर निगम आयुक्त श्री अनिल भाना सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, लोकतंत्र सेनानी, नागरिक एवं विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री आशीष दशोत्तर ने किया।
नामली में भी दिखा देशभक्ति का उत्साह
नामली नगर में स्वतंत्रता दिवस का पर्व पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। नगर के विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रभातफेरी निकालकर देशभक्ति का संदेश दिया। शासकीय एवं निजी विद्यालयों में विद्यार्थियों को मिठाई वितरित की गई। नगर परिषद नामली में परिषद भवन पर ध्वजारोहण किया गया। इसके बाद मुख्य समारोह स्थल झंडा चौक, सदर बाजार में राष्ट्रध्वज फहराया गया और पुलिस जवानों ने सलामी दी। मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन सीएमओ श्री नासीर अली ने किया। नगर परिषद उपाध्यक्ष श्रीमती पूजा योगी सहित अन्य वक्ताओं ने कार्यक्रम को संबोधित किया।
इस अवसर पर पार्षद राजेश चौहान, विधायक प्रतिनिधि संजय मेहता, पूर्व सहकारिता संस्था अध्यक्ष अशोक चौहान, वरिष्ठ नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं पत्रकारगण उपस्थित रहे। हालांकि कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधियों की अनुपस्थिति भी चर्चा का विषय रही। 15 अगस्त के अवसर पर नगर परिषद भवन और पुलिस थाना नामली को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया गया, जिससे रात में दोनों भवन विशेष रूप से आकर्षक नजर आए। तहसील कार्यालय, डाकघर, विद्युत मंडल, रेलवे स्टेशन, पुलिस थाना तथा शासकीय विद्यालय एवं कॉलेजों में भी विधिवत ध्वजारोहण किया गया।
गांवों में भी उत्साह, पंचायत भवनों पर फहराया तिरंगा
नामली क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में भी स्वतंत्रता दिवस पर विशेष आयोजन हुए। ग्राम पंचायत पल्दुना में सरपंच कृष्ण कुमार पाटीदार ने ध्वजारोहण किया। उसरगार ग्राम पंचायत में मनोज मईड़ा ने राष्ट्रध्वज फहराया। सचिव जयदेव सिंह देवड़ा ने बताया कि पंचायत एवं स्कूल के बच्चों को मिठाई वितरित की गई।
इसी प्रकार मोरदा ग्राम पंचायत में श्रीमती राजुबाई ने ध्वजारोहण किया। सरपंच प्रतिनिधि चेन सिंह गुर्जर ने बताया कि परंपरा के अनुसार ग्राम पंचायत भवन एवं स्कूल में झंडा वंदन किया गया तथा विद्यार्थियों को मिठाई बांटी गई। मोरदा में सचिव बसंतीलाल पाटीदार एवं सह सचिव अनवर अली नायता ने स्वतंत्रता दिवस की व्यवस्थाएं संभालीं। पंचायत स्तर पर स्वच्छता एवं हरियाली पर विशेष ध्यान दिया गया। पंचायत भवन और झंडा वंदन चौक के आसपास हरियाली नजर आई, जो पर्यावरण संरक्षण का संदेश देती दिखाई दी।
किसान उत्पादक सहकारी संस्था में भी ध्वजारोहण
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पारस्परिक किसान उत्पादक सहकारी संस्था मर्यादित, नामली कार्यालय में संस्था अध्यक्ष कीर्ति कुमार जायसवाल ने मां भारती के चित्र पर माल्यार्पण कर विधिवत ध्वजारोहण किया।
इस अवसर पर संस्था उपाध्यक्ष पुखराज जाट, मोहनलाल वाघेला, संचालकगण तूफान सिंह सोनगरा, संजय राठौड़, दिलीप सिंह सोलंकी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी राहुल सूर्यवंशी एवं लेखापाल सूरज चंद्रावत उपस्थित रहे। राष्ट्रध्वज को सलामी देते हुए स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों को नमन किया गया तथा राष्ट्र की एकता, अखंडता और किसानों के हित में निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया गया।
कीर्ति कुमार जायसवाल ने दिया राष्ट्रनिर्माण का संदेश
मुख्य कार्यक्रम स्थल झंडा चौक पर संबोधित करते हुए संस्था अध्यक्ष कीर्ति कुमार जायसवाल ने कहा—
«”जो भरा नहीं है भावों से, जिसमें बहती रसधार नहीं,
वह हृदय नहीं, वह पत्थर है, जिसमें स्वदेश का प्यार नहीं।”»
उन्होंने कहा कि आज हम उन अमर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हैं, जिनके बलिदान से हमें स्वतंत्र भारत मिला। उनके त्याग का सर्वोत्तम सम्मान यही है कि हम राष्ट्र, समाज और आने वाली पीढ़ियों के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करें।
उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के विचार का उल्लेख करते हुए कहा कि राष्ट्र की वास्तविक प्रगति तभी है, जब विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने तीन मजदूरों के दृष्टांत के माध्यम से सोच की शक्ति समझाते हुए कहा कि काम एक हो सकता है, लेकिन उसके प्रति व्यक्ति की सोच समाज और राष्ट्र की दिशा तय करती है।
नामली की बेटी चंचल जाट का किया गौरवपूर्ण उल्लेख
कीर्ति कुमार जायसवाल ने नामली की प्रतिभा कुमारी चंचल जाट, पिता श्री चरण सिंह जाट, का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने “एक लड़की जिसे खुद ने चुना” पुस्तक लिखकर पूरे देश में पहचान बनाई है। वर्तमान में वे दिल्ली में रहकर प्रशासनिक सेवा परीक्षा की तैयारी कर रही हैं। उनके उल्लेखनीय कार्य के कारण जिस विश्वविद्यालय से उन्होंने स्नातक किया, उसी विश्वविद्यालय ने उन्हें मुख्य अतिथि के रूप में सम्मानित किया। उन्होंने इसे केवल चंचल जाट की उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे नामली के लिए गौरव बताया।
उन्होंने कहा कि छोटे नगरों और कस्बों की प्रतिभाएं भी अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकती हैं।
1008 नीम पौधों का अभियान बना पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम में नामली की श्री हरिवंश पौधारोपण समिति द्वारा 1008 नीम के पौधे लगाने के अभियान का भी उल्लेख किया गया। इसे केवल पौधारोपण नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि स्वतंत्रता दिवस पर नामली को स्वच्छ, हरित और नशामुक्त बनाने, बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने, किसानों का सम्मान करने, युवाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने तथा समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लें।
उन्होंने कहा—«”राष्ट्र का निर्माण केवल सरकारों से नहीं होता, बल्कि जागरूक, ईमानदार और जिम्मेदार नागरिकों से होता है।”»
उन्होंने नागरिकों से ऐसा नामली बनाने का आह्वान किया, जहां हर बेटी को अवसर मिले, हर युवा को सम्मान मिले, हर आंगन में एक वृक्ष हो और हर हृदय में राष्ट्र सर्वोपरि का भाव हो।
कार्यक्रम के समापन पर उन्होंने प्रेरणादायी संदेश दिया।
«”हम वह पीढ़ी नहीं बनेंगे जो केवल भारत पर गर्व करे,
हम वह पीढ़ी बनेंगे जिस पर भारत गर्व करेगा।”»
इसके साथ ही पूरे उत्साह से “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जय हिन्द” के उद्घोष से वातावरण गूंज उठा।

