एक ही रात में जिलेभर के थाना क्षेत्रों में चला सघन अभियान, 76 स्थायी और 50 गिरफ्तारी वारंटियों को दबोचा
गुना। पुलिस दर्पण
गुना। अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए गुना पुलिस का सतत कॉम्बिंग गश्त अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल के कुशल एवं संवेदनशील नेतृत्व तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रशांत सिंह सुमन के मार्गदर्शन में गत रात्रि जिले के सभी थाना क्षेत्रों में एक साथ और एक ही समय पर सघन कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 126 वारंटियों को गिरफ्तार किया।
16 थाना क्षेत्रों में एक साथ दबिश
अभियान शुरू होने से पहले सभी अनुविभागीय अधिकारियों और थाना प्रभारियों ने पुलिस टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके बाद टीमें अपने-अपने निर्धारित क्षेत्रों में रवाना हुईं और रातभर सघन भ्रमण करते हुए अपराधियों की धरपकड़ एवं चैकिंग की।
पुलिस टीमों ने गुंडा-बदमाशों, हिस्ट्रीशीटरों, जिला बदर अपराधियों, इनामी बदमाशों और विभिन्न मामलों में फरार आरोपियों के साथ ही लंबे समय से फरार वारंटियों की भी गहन जांच की।
अभियान के दौरान न्यायालयों से विभिन्न प्रकरणों में जारी वारंटों में लंबे समय से फरार चल रहे कुल 126 वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 76 स्थायी वारंटी और 50 गिरफ्तारी वारंटी शामिल हैं।
किस थाना क्षेत्र में कितने वारंटी गिरफ्तार
- गुना कोतवाली: 09 स्थायी, 08 गिरफ्तारी वारंटी
- कैंट थाना: 12 स्थायी, 07 गिरफ्तारी वारंटी
- बजरंगगढ़ थाना: 03 गिरफ्तारी वारंटी
- म्याना थाना: 04 स्थायी, 03 गिरफ्तारी वारंटी
- बमौरी थाना: 02 स्थायी, 06 गिरफ्तारी वारंटी
- फतेहगढ़ थाना: 05 स्थायी वारंटी
- सिरसी थाना: 01 स्थायी, 03 गिरफ्तारी वारंटी
- राघौगढ़ थाना: 03 स्थायी, 02 गिरफ्तारी वारंटी
- आरोन थाना: 08 स्थायी, 03 गिरफ्तारी वारंटी
- विजयपुर थाना: 01 स्थायी, 01 गिरफ्तारी वारंटी
- धरनावदा थाना: 03 स्थायी, 01 गिरफ्तारी वारंटी
- चांचौड़ा थाना: 13 स्थायी, 01 गिरफ्तारी वारंटी
- कुंभराज थाना: 04 स्थायी, 01 गिरफ्तारी वारंटी
- मृगवास थाना: 04 स्थायी, 01 गिरफ्तारी वारंटी
- मधुसूदनगढ़ थाना: 02 स्थायी, 04 गिरफ्तारी वारंटी
- जामनेर थाना: 05 स्थायी, 06 गिरफ्तारी वारंटी
जिला बदर और हिस्ट्रीशीटरों की भी हुई चैकिंग
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस टीमों ने जिले के सभी थाना क्षेत्रों में जिला बदर अपराधियों, हिस्ट्रीशीटरों, गुंडा-बदमाशों और अन्य मामलों में फरार आरोपियों की भी सघन चैकिंग की। पुलिस की इस व्यापक कार्रवाई से अपराधियों में दहशत का माहौल है, वहीं आम नागरिकों में सुरक्षा की भावना और मजबूत हुई है।
अपराधियों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
गुना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी दृढ़ता, कठोरता और निरंतरता के साथ जारी रहेगा। कानून एवं शांति व्यवस्था भंग करने वालों के प्रति किसी भी प्रकार की रियायत नहीं बरती जाएगी।
पुलिस ने नागरिकों से कानून का पालन करने की अपील करते हुए कहा है कि गुना पुलिस आमजन की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर है।

