ग्राम घुघरी मामले में गुणवंत मालेवार की तलाश तेज, गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम सक्रिय
देवीनाथ लोखंडे सह संपादक दक्षिण मध्यप्रदेश
बैतूल। भैंसदेही थाना क्षेत्र के ग्राम घुघरी में कथित धर्म परिवर्तन के लिए प्रलोभन देने के मामले में फरार चल रहे आरोपी गुणवंत पिता परसराम मालेवार, निवासी ग्राम गदराझिरी पर पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र जैन ने 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार थाना भैंसदेही के अपराध क्रमांक 283/2026 में आरोपी गुणवंत मालेवार के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। आरोपी के फरार होने के चलते उसकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा ₹10,000 के इनाम की उद्घोषणा जारी की गई है।
पहले भी दर्ज हो चुका है मामला
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक गुणवंत मालेवार के विरुद्ध थाना भैंसदेही में पूर्व में भी अपराध क्रमांक 355/2020 के तहत धारा 153(ए), 294 एवं 34 भारतीय दंड संहिता में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार उस प्रकरण में बड़ी संख्या में ग्रामीणों को एकत्र कर धर्म परिवर्तन के लिए कथित रूप से उकसाने और प्रलोभन देने के आरोप लगाए गए थे।
वर्तमान मामले में भी आरोपी की कथित संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस उसकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश में संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस ने की सूचना देने की अपील
थाना प्रभारी भैंसदेही निरीक्षक राजेश सातनकर के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम आरोपी की तलाश कर रही है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि आरोपी गुणवंत मालेवार के संबंध में कोई जानकारी मिले तो तत्काल निकटतम पुलिस थाना अथवा डायल-112 पर सूचना दें।
पुलिस के मुताबिक सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और उपयोगी एवं विश्वसनीय सूचना देने वाले को नियमानुसार इनाम दिया जाएगा। पुलिस ने नागरिकों से अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से बचने तथा जिले में शांति एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

