750 किसानों को जोड़ने का लक्ष्य, ग्रामवार सदस्यता अभियान के साथ रबी फसल के प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने की योजना
नामली/रतलाम। पुलिस दर्पण
नामली/रतलाम। किसानों को संगठित कर उनकी कृषि उपज को बेहतर बाजार और उचित मूल्य दिलाने की दिशा में पारस्परिक किसान उत्पादक सहकारी संस्था मर्यादित, नामली ने महत्वपूर्ण पहल शुरू की है। संस्था को किसानों के लिए एक सशक्त व्यावसायिक मंच के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से सदस्यता विस्तार, कृषि आदानों की उपलब्धता और क्षेत्र की प्रमुख उपज लहसुन को व्यावसायिक गतिविधि से जोड़ने को लेकर विशेष बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मध्यप्रदेश राज्य सहकारी संघ मर्यादित, भोपाल के विशेषज्ञों ने संस्था के पदाधिकारियों और किसानों को मार्गदर्शन दिया। सामाजिक जनसंपर्क विशेषज्ञ संतोष येड़े तथा विपणन एवं मूल्य संवर्धन विशेषज्ञ सुभाष नंद तिवारी ने सदस्यता विस्तार और कृषि उत्पादों के व्यवसायीकरण को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए। संस्था ने 750 किसानों को सदस्य बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए ग्रामवार सदस्यता अभियान चलाकर अधिक से अधिक किसानों को संस्था से जोड़ने की कार्ययोजना पर चर्चा हुई।
विशेषज्ञों ने बताया कि किसान यदि समूह के रूप में अपनी उपज का संग्रहण और विपणन करें तो उन्हें बड़े बाजारों तक पहुंच बनाने के साथ बेहतर मूल्य प्राप्त करने के अवसर मिल सकते हैं। बैठक में आगामी रबी फसल के लिए संस्था के सदस्यों को उचित दर पर प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने पर भी चर्चा हुई। किसानों की मांग का पूर्व आकलन कर अधिकृत संस्थाओं से समन्वय स्थापित करने और सामूहिक रूप से बीज की व्यवस्था करने की योजना पर विचार किया गया। इससे किसानों को समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने के साथ उत्पादन लागत को नियंत्रित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
क्षेत्र की प्रमुख कृषि उपज लहसुन को एफपीओ की मुख्य व्यावसायिक गतिविधि के रूप में विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके अंतर्गत गांववार लहसुन उत्पादन और उपलब्ध मात्रा का आकलन, किसानों से सामूहिक रूप से लहसुन का संग्रहण, छंटाई, ग्रेडिंग, पैकिंग, भंडारण तथा बड़े बाजारों में सामूहिक विपणन की संभावनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। लहसुन से मूल्य संवर्धित उत्पाद तैयार कर किसानों को उनकी उपज का अधिक मूल्य दिलाने की संभावनाएं तलाशने पर भी सहमति बनी। विशेषज्ञों ने स्थानीय उत्पादन, बाजार की मांग और उपलब्ध संसाधनों का अध्ययन कर व्यवहारिक व्यावसायिक योजना तैयार करने तथा उसे चरणबद्ध तरीके से लागू करने का सुझाव दिया।
सदस्यता विस्तार अभियान के तहत रतलाम जनपद उपाध्यक्ष हितेंद्र सिंह भाटी ने पारस्परिक किसान उत्पादक सहकारी संस्था की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर पूर्व नगर परिषद उपाध्यक्ष मदनलाल परमार भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में संस्था अध्यक्ष कीर्ति जायसवाल, उपाध्यक्ष पुखराज जाट, मोहन वाघेला, संचालक सुनील उपाध्याय, भीम सिंह राठौर, तूफान सिंह सोनगरा, दिलीप सिंह सोलंकी, नवीन धारवा, राजेश परिहार, संजय राठौड़, मुख्य कार्यपालन अधिकारी राहुल सूर्यवंशी, लेखापाल सूरज चंद्रावत सहित क्षेत्र के किसान उपस्थित रहे। बहुउद्देशीय कृषि साख सहकारी संस्था के सहायक प्रबंधक खुमान सिंह सोनगरा, राजेश कुमावत सहित अन्य लोग भी बैठक में मौजूद रहे।

