डीडी नगर में पार्क के पीछे वाली गली में वारदात, CCTV में कैद हुए आरोपी; महाराजपुरा पुलिस ने शुरू की तलाश
ग्वालियर। पुलिस दर्पण
ग्वालियर। शहर में चेन स्नेचिंग की वारदातें एक बार फिर चिंता बढ़ाने लगी हैं। महाराजपुरा थाना क्षेत्र के डीडी नगर में बाइक सवार दो बदमाशों ने नाती को पार्क से घुमाकर घर लौट रही 60 वर्षीय महिला को निशाना बनाते हुए उसके गले से मंगलसूत्र झपट लिया और मौके से फरार हो गए। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आरोपी बाइक से संकरी गलियों का फायदा उठाकर फरार हो चुके थे। जानकारी के मुताबिक डीडी नगर स्थित कोठारी हाउस के पास रहने वाली बैजंती बाई (60) अपने नाती को अटल पार्क में घुमाने के बाद घर वापस लौट रही थीं। इसी दौरान पार्क के पीछे वाली गली में बाइक सवार दो युवक उनके पास पहुंचे। इससे पहले कि महिला कुछ समझ पाती, बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने झपट्टा मारकर उनके गले से मंगलसूत्र खींच लिया।
अचानक हुई इस वारदात से महिला घबरा गईं और उन्होंने शोर मचाते हुए मदद के लिए आसपास के लोगों को पुकारा। आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बदमाश तेज रफ्तार बाइक से फरार हो चुके थे। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद महाराजपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
CCTV में कैद हुए बाइक सवार बदमाश
वारदात के बाद पुलिस ने बदमाशों का सुराग लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू किया। पुलिस को कुछ कैमरों में दोनों बदमाश बाइक से जाते हुए दिखाई दिए हैं। अब इन्हीं फुटेज के आधार पर पुलिस आरोपियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है।
पीड़िता के अनुसार बाइक पर पीछे बैठे युवक ने मंगलसूत्र झपटा था। उसने अपने चेहरे पर सफेद रंग का गमछा बांध रखा था, जबकि बाइक चला रहे युवक ने हेलमेट पहन रखा था। पुलिस सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहे हुलिए और बाइक के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
एक तोले से अधिक वजन का बताया मंगलसूत्र
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि बदमाश जिस मंगलसूत्र को झपटकर ले गए, उसमें सोने के करीब 10 छोटे मोती और एक सोने का पेंडल लगा हुआ था। मंगलसूत्र का वजन करीब एक तोले से अधिक बताया जा रहा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज
महाराजपुरा पुलिस के मुताबिक महिला से बाइक सवार बदमाशों द्वारा मंगलसूत्र झपटने की शिकायत मिली है। घटना से संबंधित कुछ सीसीटीवी फुटेज पुलिस के हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों के अन्य CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि बदमाशों के आने और भागने का पूरा रास्ता सामने आ सके। साथ ही पुलिस पुराने चेन स्नेचिंग मामलों में शामिल बदमाशों की गतिविधियों और उनके रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने की उम्मीद है। घटना के बाद डीडी नगर क्षेत्र में महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और ऐसे बाइक सवार संदिग्धों पर निगरानी रखने की मांग की है।

