ग्वालियर | पुलिस दर्पण
ग्वालियर । ग्वालियर कलेक्ट्रेट में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में 130 आमजनों की समस्याओं पर सुनवाई की गई। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सोजान सिंह रावत, एडीएम श्री सी.बी. प्रसाद एवं अपर कलेक्टर श्री अनिल बनवारिया सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने एक-एक आवेदक की समस्याएं गंभीरता से सुनीं तथा उनके निराकरण की रूपरेखा तय की।
जनसुनवाई में राजस्व, नगर निगम, विद्युत, पुलिस सहित विभिन्न विभागों से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए। अधिकारियों ने भूमि संबंधी मामलों के त्वरित निराकरण के लिए सभी एसडीएम एवं तहसीलदारों को आवश्यक निर्देश दिए। वहीं नगर निगम क्षेत्र की पेयजल, सफाई, सड़क एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
जनसुनवाई के दौरान जरूरतमंद नागरिकों के नि:शुल्क उपचार की व्यवस्था भी प्रशासन द्वारा कराई गई, जिससे जनसेवा के प्रति प्रशासन की संवेदनशीलता देखने को मिली।
प्राप्त 130 आवेदनों में से 72 आवेदन विधिवत दर्ज किए गए, जबकि 58 आवेदन संबंधित विभागों को आवश्यक टिप्पणियों के साथ समय-सीमा में निराकरण के लिए प्रेषित किए गए।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण कर नियमानुसार समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि आमजन को त्वरित राहत मिल सके।

