14 आदतन बदमाश गिरफ्तार, स्टेशन रोड थाने से CSP कार्यालय तक पैदल ले गई पुलिस; SDM के समक्ष किया पेश
रतलाम / पुलिस दर्पण
रतलाम। शहर में गुंडे-बदमाशों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस ने अभियान तेज कर दिया है। लगातार अपराधों में लिप्त रहने और क्षेत्र में हुड़दंग कर माहौल खराब करने वाले 14 आदतन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर गुरुवार को उनका पैदल जुलूस निकाला। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से शहर के आपराधिक तत्वों में हड़कंप की स्थिति है पुलिस के अनुसार बुधवार को शहर के तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। इस दौरान कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें दीनदयाल नगर थाना पुलिस ने 6, औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने 4 और स्टेशन रोड थाना पुलिस ने 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
कान पकड़वाकर पैदल थाने से CSP कार्यालय तक ले गई पुलिस
गुरुवार दोपहर सभी 14 आरोपियों को स्टेशन रोड थाने पर एकत्र किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों से कान पकड़वाकर पैदल जुलूस निकाला। जुलूस स्टेशन रोड थाने से शुरू होकर नगर पुलिस अधीक्षक (CSP) कार्यालय तक पहुंचा। इस दौरान आरोपियों को पुलिस की निगरानी में पैदल ले जाया गया। CSP कार्यालय पहुंचने के बाद सभी आरोपियों को पुलिस वाहनों के माध्यम से अनुविभागीय अधिकारी (SDM) के समक्ष पेश किया गया।
चोरी, गुंडागर्दी और हुड़दंग के आरोप
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों पर क्षेत्र में आदतन चोरी करने, सार्वजनिक स्थानों पर गुंडागर्दी और हुड़दंग मचाने तथा क्षेत्र का माहौल खराब कर तनाव फैलाने जैसे आरोप हैं। पुलिस ने बताया कि ऐसे तत्वों के खिलाफ लगातार निगरानी रखी जा रही है और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भारी पुलिस बल रहा तैनात
बदमाशों के पैदल जुलूस के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया, स्टेशन रोड थाना के सब-इंस्पेक्टर मुकेश सस्तिया सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा। पुलिस की कार्रवाई को देखने के लिए रास्ते में लोगों की भीड़ भी जमा रही।
नगर पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि शहर में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने, आम लोगों को परेशान करने और शांति भंग करने वाले किसी भी बदमाश को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस की सख्ती का संदेश साफ है—शहर की शांति और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ अब कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

