अवैध मदिरा के विरुद्ध आबकारी विभाग की कार्रवाई, ₹10,580 की मदिरा जब्त

जावरा एवं आलोट क्षेत्र में दबिश देकर तीन प्रकरण दर्ज

रतलाम। पुलिस दर्पण। कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया के निर्देशन एवं सहायक आबकारी आयुक्त श्री विकास मंडलोई के मार्गदर्शन में जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन, भंडारण एवं विक्रय के विरुद्ध आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 5 सितंबर को जावरा एवं आलोट क्षेत्र में संयुक्त टीम द्वारा दबिश एवं तलाशी अभियान चलाया गया।

सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री पी.सी. केरवार, श्री एस.एन. सिंगनाथ एवं श्री मनोहर खरे के नेतृत्व में गठित टीम ने जावरा ‘ब’ एवं आलोट ‘अ’ वृत्त के विभिन्न क्षेत्रों में कार्रवाई की। अभियान के दौरान ग्राम आक्यादेह में आरोपी बद्रीलाल पिता सुखराम की दुकान की तलाशी लेने पर 45 पाव प्लेन मदिरा एवं 10 पाव मसाला मदिरा जब्त की गई।

इसी प्रकार ग्राम बागुनिया में आरोपी प्रदुम पिता नेपाल सिंह के घर से 14 केन माउंट बीयर, 12 पाव प्लेन एवं 15 पाव मसाला मदिरा तथा ग्राम आलोट में आरोपी मांगीलाल उर्फ टायसन पिता वर्दीचंद के घर से 20 पाव मसाला मदिरा जब्त की गई।

आबकारी विभाग की कार्रवाई में कुल तीन प्रकरण आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत पंजीबद्ध किए गए हैं। जब्त मदिरा का कुल अनुमानित मूल्य 10 हजार 580 रुपए बताया गया है।

इन अधिकारियों-कर्मचारियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका

कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक श्री सचिन भास्करे, श्री पुष्पराज सिंह चौहान, श्री अभिषेक वाईकर, श्री अर्पित पाण्डे एवं श्री संतोष मंडलोई सहित मुख्य आरक्षक रामचरण पंवार, प्रहलाद सिंह राठौर, बनसिंह अहरे, ममता निनामा, भावना खोड़े, विक्टोरिया बोरासी तथा आरक्षक पुष्पा मीणा, मनोज वर्षी एवं वरुण चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

आबकारी विभाग द्वारा जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन, भंडारण एवं विक्रय के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रखने की बात कही गई है।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!