नामली, रतलाम। पुलिस दर्पण
नामली, रतलाम। गुरुपूर्णिमा के पावन अवसर पर श्री श्री 1008 मंगलदास जी महाराज के आशीर्वाद एवं पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणा से श्री हरिवंश वृक्षारोपण समिति द्वारा लिया गया 1008 पौधे लगाने का संकल्प रविवार को पूर्ण हो गया। श्री श्री 1008 मंगलदास जी महाराज अब देह रूप में हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके आशीर्वाद, संस्कार और पर्यावरण संरक्षण की प्रेरणा को आगे बढ़ाते हुए समिति ने यह अभियान शुरू किया था।
समिति के सदस्यों एवं नगरवासियों के सहयोग से श्री गोपाल गौशाला से लेकर नामली के श्री हरदेश्वर महादेव मंदिर तक 1008 पौधों का पौधारोपण किया गया।
समिति सदस्यों ने कहा कि 1008 पौधे लगाना अभियान का अंतिम पड़ाव नहीं, बल्कि एक नई जिम्मेदारी की शुरुआत है। अब इन पौधों को जीवित रखने, उनकी नियमित देखभाल करने और उन्हें वृक्ष बनाने का संकल्प लिया गया है। अक्सर पौधारोपण के बाद देखभाल के अभाव में पौधे सूख जाते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए श्री हरिवंश वृक्षारोपण समिति ने प्रत्येक रविवार पौधों की देखभाल करने का निर्णय लिया है।
समिति सदस्य नियमित रूप से पौधों को पानी देने, सुरक्षा व्यवस्था देखने, ट्री-गार्ड का निरीक्षण करने तथा आवश्यकता के अनुसार अन्य व्यवस्थाएं करेंगे। समिति संचालक भगवती (लखन) कुमावत, विपील गेहलोत एवं समिति सदस्यों ने अभियान की सफलता में सहयोग देने वाले नगरवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पौधा लगाना प्रकृति के प्रति पहला कदम है, लेकिन उसकी देखभाल कर उसे वृक्ष बनाना ही वास्तविक सेवा है।
श्री हरिवंश वृक्षारोपण समिति का यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ संत श्री मंगलदास जी महाराज की पर्यावरण प्रेमी विचारधारा को आगे बढ़ाने का प्रयास है।

