अति कुपोषित बच्ची की रिपोर्ट और उपचार की ली जानकारी, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
रतलाम/सैलाना। पुलिस दर्पण
रतलाम/सैलाना। सैलाना प्रवास के दौरान कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया ने पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) का निरीक्षण कर यहां भर्ती बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं उपचार व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर की नजर एनआरसी में भर्ती आठ माह की नन्ही बच्ची जया पर पड़ी। बच्ची की स्थिति देखकर कलेक्टर ने आत्मीयता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए उसे अपनी गोद में उठा लिया। कलेक्टर श्री कटेसरिया ने करीब 15 से 20 मिनट तक जया को अपनी गोद में लेकर दुलार किया और स्नेहपूर्वक उसके साथ समय बिताया। इस दौरान उन्होंने बच्ची की स्वास्थ्य स्थिति के बारे में उसके परिजनों एवं चिकित्सकीय स्टाफ से जानकारी ली। कलेक्टर का यह आत्मीय व्यवहार वहां मौजूद लोगों के लिए भावुक क्षण बन गया। कुछ देर बाद जब कलेक्टर ने जया को उसके परिजन को सौंपा तो बच्ची उनके पास से जाने के बाद रोने लगी। कलेक्टर ने उसे फिर स्नेहपूर्वक शांत कराया। एनआरसी में मौजूद लोगों के लिए यह दृश्य प्रशासनिक निरीक्षण के बीच मानवीय संवेदनशीलता से भरा नजर आया।
अति कुपोषित बच्ची की रिपोर्ट का किया परीक्षण
कलेक्टर ने जया के स्वास्थ्य एवं पोषण की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए उसकी उपचार संबंधी रिपोर्ट का विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने बच्ची के एनआरसी में भर्ती होने से लेकर अब तक किए गए उपचार, स्वास्थ्य जांच, पोषण आहार तथा स्वास्थ्य में हुए सुधार की जानकारी चिकित्सकों से ली। उन्होंने बच्ची की संबंधित रिपोर्ट एवं अभिलेखों का परीक्षण कर उसकी वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर ने चिकित्सकीय स्टाफ को बच्ची के उपचार एवं पोषण की स्थिति पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।
अन्य बच्चों की स्वास्थ्य रिपोर्ट भी देखी
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री कटेसरिया ने एनआरसी में भर्ती अन्य बच्चों की स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी रिपोर्ट का भी अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों के उपचार, पोषण आहार, वजन में वृद्धि और स्वास्थ्य सुधार की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि एनआरसी में भर्ती प्रत्येक बच्चे के स्वास्थ्य एवं पोषण पर विशेष निगरानी रखी जाए। बच्चों को निर्धारित मापदंड के अनुसार पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने के साथ ही नियमित स्वास्थ्य जांच और फॉलोअप सुनिश्चित किया जाए।
जया के प्रति स्नेह बना भावुक क्षण
आठ माह की जया को गोद में लेकर कलेक्टर द्वारा जिस आत्मीयता से उसे दुलार किया गया, वह मौके पर मौजूद लोगों के लिए भावुक क्षण रहा। एक ओर कलेक्टर ने बच्ची की चिकित्सकीय रिपोर्ट और उपचार की स्थिति को गंभीरता से समझा, वहीं दूसरी ओर नन्ही बच्ची को स्नेह और अपनत्व देकर यह संदेश दिया कि कुपोषण के खिलाफ लड़ाई केवल आंकड़ों और रिपोर्टों तक सीमित नहीं, बल्कि प्रत्येक बच्चे के स्वस्थ भविष्य से जुड़ी जिम्मेदारी है। कलेक्टर श्री कटेसरिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एनआरसी में भर्ती बच्चों को बेहतर उपचार, पौष्टिक आहार और आवश्यक देखभाल उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। प्रत्येक बच्चे को स्वस्थ बनाने और उसे सुरक्षित रूप से परिवार तक पहुंचाने के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश भी दिए।

