सारणी में अवैध शराब के भंडारण पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

149 लीटर 160 एमएल शराब जब्त, कीमत करीब 1 लाख रुपए; एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा स्कॉर्पियो से फरार

देवीनाथ लोखंडे सह संपादक दक्षिण मध्यप्रदेश

बैतूल/सारणी। अवैध शराब के विक्रय, भंडारण और परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सारणी पुलिस ने ग्राम छतरपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में देशी और अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस के अनुसार कार्रवाई में 149 लीटर 160 एमएल अवैध शराब, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख रुपए है, जब्त की गई। मामले में एक आरोपी को पकड़ा गया, जबकि दूसरा आरोपी मौके से स्कॉर्पियो वाहन लेकर फरार हो गया।

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे के मार्गदर्शन में थाना सारणी पुलिस ने 11 सितंबर को ग्राम छतरपुर में कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक आरोपी कुड्डो पति भूरे धुर्वे, उम्र 50 वर्ष, निवासी छतरपुर के कब्जे से विभिन्न कंपनियों की शराब बरामद हुई।

बीयर से लेकर व्हिस्की तक बरामद

पुलिस ने बताया कि जब्त शराब में बोल्ट कंपनी की 3 पेटी बीयर, लेमाउन्ट कंपनी की 4 पेटी बीयर, ऑफिसर्स च्वाइस व्हिस्की की 4 पेटी, बैगपाइपर व्हिस्की की 2 पेटी तथा सफेद देशी प्लेन मदिरा की 3 पेटी शामिल हैं।

मामले में थाना सारणी में अपराध क्रमांक 325/26, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

स्कॉर्पियो से भागा दूसरा आरोपी

पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान मुकेश पिता बलमू धुर्वे, निवासी ग्राम छतरपुर रात का फायदा उठाकर घटना में प्रयुक्त सफेद रंग की स्कॉर्पियो से मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

पुलिस प्रेस नोट में फरार आरोपी के पूर्व में अवैध शराब बिक्री, अवैध कोयला परिवहन और अवैध रेत उत्खनन-परिवहन जैसी गतिविधियों में संलिप्त रहने का उल्लेख किया गया है। इन आरोपों के संबंध में संबंधित मामलों और रिकॉर्ड के आधार पर ही अंतिम स्थिति स्पष्ट होगी।

अवैध शराब कारोबारियों को सख्त संदेश

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने आमजन से अपील की है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री या भंडारण की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखने और सूचना पर वैधानिक कार्रवाई करने की बात पुलिस ने कही है।

पुलिस टीम: थाना प्रभारी निरीक्षक जयपाल इनवाती, उपनिरीक्षक मनोज कुमार उईके, सउनि शिवपाल इरपाचे, प्रधान आरक्षक मनोज डेहरिया, आरक्षक राकेश करपे, रविमोहन, देवा धुर्वे एवं सैनिक सुभाष रघुवंशी की कार्रवाई में सराहनीय भूमिका रही।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!