विधायक श्री खंडेलवाल ने सांदीपनि बैतूल बाजार के विद्यार्थियों की कलात्मक चित्रकला का किया अवलोकन
सेवा संकल्प अभियान : जिले के शासकीय विद्यालयों में “मेरे सपनों का भारत” पर चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित
देवीनाथ लोखंडे सह संपादक दक्षिण मध्यप्रदेश
बैतूल 19 सितंबर 2026। शासकीय सांदीपनि कृषि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैतूल बाजार में शनिवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत “मेरे सपनों का भारत” चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व बैतूल विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल, जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य श्री सुधाकर पवार, नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती दुर्गावती वर्मा, पार्षद श्री राजेंद्र पवार, नीतू आशीष राठौर, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष श्री संजय वर्मा, श्री नरेंद्र शुक्ला, श्री सुनील पवार सहित जिला पंचायत सीईओ श्री गणेश जायसवाल, सहायक आयुक्त जनजातिय कार्य विभाग श्रीमती वत्सला शिवहरे, जिला शिक्षा अधिकारी सुश्री पुनम वरकड़े, तहसीलदार श्रीमती पूनम साहू उपस्थित रही।
सर्वप्रथम मुख्य अतिथियों ने मां सरस्वती के छायाचित्र समक्ष दीप प्रज्वलित और मां सरस्वती की वंदना कर कार्यक्रम की शुरुआत की। इस दौरान छात्रा परिधी राठौर ने गणेश नृत्य और रुद्र देशमुख ने एकल गायन की प्रस्तुति दी। वहीं त्रिवेणी रावंदे ने विकसित भारत की संकल्पना पर भाषण तथा कक्षा 10वीं की छात्राओं ने गोंडी लोकगीत की प्रस्तुति दी।
आने वाले समय में बच्चे ही करेंगे समाज और देश का नेतृत्व
विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल ने “मेरे सपनों का भारत” चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता को संबोधित करते हुए कहा कि इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य चित्र बनाना या भाषण देना नहीं है, अपितु बच्चों को यह सोचने के लिए प्रेरित करना है कि वे भविष्य में अपने देश और समाज को किस रूप में देखना चाहते हैं। बच्चे अपनी कल्पना को चित्रों और विचारों के माध्यम से कागज पर उतारें।
उन्होंने कहा कि आज के बच्चे ही आने वाले समय में समाज और देश का नेतृत्व करेंगे। आज से 20-30 वर्ष बाद जब आपके हाथों में समाज और देश की जिम्मेदारी होगी, तब भारत कैसा हो, इसकी परिकल्पना अभी से आपके मन में होनी चाहिए। हर बच्चे को अपने आप से पूछना चाहिए कि वह भविष्य में क्या बनना चाहता है। किसी का सपना डॉक्टर बनने का हो सकता है, किसी का इंजीनियर, वैज्ञानिक, शिक्षक, व्यवसायी या किसी अन्य क्षेत्र में जाने का। लेकिन सपने के साथ उसके लिए लक्ष्य और दिशा तय करना भी जरूरी है।
विधायक श्री खंडेलवाल ने कहा कि यदि हमारे जीवन में कोई लक्ष्य नहीं होगा तो हम आगे कैसे बढ़ेंगे। इसलिए सपने देखना और भविष्य की परिकल्पना करना बहुत जरूरी है। अपने सपनों को पूरा करने के लिए बच्चों को अपने वर्तमान को समझने के साथ-साथ अतीत को भी जानना चाहिए। अपने माता-पिता, दादा-दादी और बुजुर्गों से पूछें कि 30-50 वर्ष पहले बैतूल, गांव और देश की स्थिति कैसी थी। उस समय स्कूल, सड़क, बिजली, पानी, परिवहन और दूसरी सुविधाएं कैसी थीं और आज उनमें कितना बदलाव आया है।
उन्होंने कहा कि बच्चों को यह भी समझना चाहिए कि हमारा देश आजादी के समय कहां था, आज कहां पहुंचा है और आने वाले 20-30 वर्षों में कहां पहुंच सकता है। तकनीक के इस दौर में बच्चों के पास दुनिया और भविष्य के बारे में जानकारी प्राप्त करने के अनेक साधन हैं। इस जानकारी का उपयोग अपने सपनों को सही दिशा देने के लिए करें।
विधायक श्री खंडेलवाल ने कहा कि मेरे सपनों का भारत एक प्रतियोगिता का विषय नहीं है, यह प्रत्येक बच्चे के लिए अपने भविष्य और देश के भविष्य की कल्पना करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि भारत का निर्माण केवल सरकार या किसी एक व्यक्ति से नहीं होता, बल्कि देश के करोड़ों नागरिक मिलकर देश का निर्माण करते हैं। एक बच्चे का सपना भी भविष्य में समाज में बड़ा परिवर्तन ला सकता है। उन्होंने बच्चों से आह्वान किया कि वे डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम, महात्मा गांधी, नेताजी सुभाषचंद्र बोस, सरदार वल्लभभाई पटेल और अन्य महान व्यक्तित्वों के जीवन से प्रेरणा लें तथा अपने सपनों को लक्ष्य बनाकर आगे बढ़ें।
विधायक श्री खंडेलवाल ने कहा कि आप आज जो सपना देखेंगे, वही कल आपके प्रयासों की दिशा तय करेगा। इसलिए अपने सपनों को कागज पर उतारिए, उन्हें अपने मन में रखिए और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास कीजिए। जब हर बच्चा अपने भविष्य के साथ-साथ देश के भविष्य की भी परिकल्पना करेगा, तब हमारा भारत निश्चित रूप से नई ऊंचाइयों की ओर आगे बढ़ेगा।
छात्राओं ने विधायक श्री खंडेलवाल को मंडाला एवं मधुबन आर्ट की फ्रेम की भेंट
“मेरे सपनों का भारत” विषय पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता और कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विधायक श्री खंडेलवाल ने प्रतियोगिता में विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई विभिन्न पेंटिंग्स का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों से उनकी कलाकृतियों के संबंध में जानकारी ली।
इस दौरान छात्राओं ने विधायक श्री खंडेलवाल को स्वयं द्वारा तैयार की गई मंडाला एवं मधुबन आर्ट की फ्रेम भेंट की। विधायक श्री खंडेलवाल ने छात्राओं की कला प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने छात्रा रश्मि पवार द्वारा तैयार की गई मधुबन आर्ट तथा वर्तिका पवार एवं स्वीटी द्वारा बनाई गई मंडाला आर्ट को विशेष रूप से सराहा।
प्रतियोगिता के विजेता प्रतिभागियों को किया पुरस्कृत
“मेरे सपनों का भारत” विषय पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर भूमिका नावंगे, द्वितीय जायस लिल्होरे और तृतीय ललित मोगरकर स्थान पर रही। अतिथियों द्वारा विजेता प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र से पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर विधायक श्री खंडेलवाल ने प्रथम पुरस्कार 11 हजार की राशि तथा द्वितीय-तृतीय पुरस्कार के रूप में 5-5 हजार की राशि देने की घोषणा की।

