मक्के के खेत में छिपाकर उगाए थे गांजे के पौधे, 1270 पौधे जब्त

54.20 किलो गांजा बरामद, कीमत करीब 2.16 लाख रुपए; पिता-पुत्र गिरफ्तार

देवीनाथ लोखंडे सह संपादक दक्षिण मध्यप्रदेश

बैतूल। जिले में अवैध मादक पदार्थों की खेती और कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शाहपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम सेमरपुरा में मक्के के खेत के बीच छिपाकर उगाए गए गांजे के पौधे बरामद किए हैं। पुलिस ने मौके से 1270 हरे गांजे के पौधे जब्त किए, जिनका कुल वजन 54.20 किलोग्राम और अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 16 हजार 800 रुपए बताई गई है। मामले में पुलिस ने पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार 22 सितंबर को शाहपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सेमरपुरा निवासी नकुल जावलकर के घर के पीछे स्थित बाड़ी में अवैध रूप से गांजे के पौधे उगाए गए हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली। इस दौरान मक्के की फसल के बीच छोटे-बड़े आकार के हरे गांजे के पौधे छिपे मिले।

पुलिस ने मौके से 2 फीट से लेकर 8 फीट तक लंबे कुल 1270 पौधे जब्त किए। कार्रवाई के दौरान वीडियोग्राफी कराई गई और जब्त पौधों को गवाहों की मौजूदगी में सीलबंद किया गया।

पिता-पुत्र गिरफ्तार

मामले में पुलिस ने केशव पिता गांगाराम जावलकर (72y वर्ष) और उसके पुत्र नकुल पिता केशव जावलकर (33 वर्ष), दोनों निवासी ग्राम सेमरपुरा, थाना शाहपुर, जिला बैतूल को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ थाना शाहपुर में धारा 8, 20(ए) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

यह कार्रवाई एसपी वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर एसडीओपी शाहपुर सैफा हासिमी के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमरे के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में उप निरीक्षक नीरज खरे सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।

पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अपील की है कि क्षेत्र में कहीं भी मादक पदार्थों की अवैध खेती, खरीद-बिक्री या परिवहन की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाना, थाना प्रभारी अथवा डायल-112 पर सूचना दें।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!