खेतों से मोटर पंप चोरी करने वाला गिरोह पकड़ा, 3 आरोपी गिरफ्तार

दो विधि-विरुद्ध बालक भी अभिरक्षा में, 33 हजार रुपए के दो मोटर पंप बरामद

देवीनाथ लोखंडे सह संपादक दक्षिण मध्यप्रदेश

बैतूल। शाहपुर पुलिस ने खेतों और कुओं से मोटर पंप चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान दो विधि-विरुद्ध बालकों को भी अभिरक्षा में लिया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए दो मोटर पंप, कुल कीमत 33 हजार रुपए, शत-प्रतिशत बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार ग्राम टेमरामाल निवासी बबलू भलावी ने 22 सितंबर को शाहपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके घोनीघाट स्थित खेत के बोरवेल में लगी 5 एचपी की ट्यूबवेल मोटर पंप, जिसकी कीमत करीब 25 हजार रुपए है, अज्ञात चोर रस्सा और केबल काटकर ले गए। इसी दौरान गांव के राजपाल वट्टी के खेत स्थित कुएं से भी 3 एचपी की पनडुब्बी मोटर पंप, कीमत करीब 8 हजार रुपए चोरी होने की जानकारी सामने आई।

ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। इसी दौरान ग्रामीणों से आरोपियों के संबंध में सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और तीन संदिग्ध आरोपियों सहित दो विधि-विरुद्ध बालकों को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ और विवेचना में उनकी संलिप्तता सामने आने पर आरोपियों के कब्जे से दोनों चोरी किए गए मोटर पंप बरामद कर जब्त किए गए।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दीपक पिता शंकर कडोपे (20), आशीष पिता चतरु काकोडिया (24), दोनों निवासी ढुमका रैय्यत, तथा साहिल पिता बस्तीराम धुर्वे (18), निवासी टेमरारैय्यत, थाना शाहपुर के रूप में बताई है। इनके साथ दो विधि-विरुद्ध बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है।

33 हजार रुपए का मशरूका बरामद

पुलिस के अनुसार बरामदगी में 5 एचपी ट्यूबवेल मोटर पंप कीमत 25 हजार रुपए तथा 3 एचपी पनडुब्बी मोटर पंप कीमत 8 हजार रुपए शामिल हैं। इस तरह कुल 33 हजार रुपए का चोरी गया मशरूका शत-प्रतिशत बरामद किया गया है। आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

कार्रवाई एसपी वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर एसडीओपी शाहपुर सैफा हासिमी के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमरे के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में एएसआई राजेश गहलोद, प्रधान आरक्षक मुकेश सिंह साध, आरक्षक शुभम एवं आरक्षक आदेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस ने किसानों से खेतों में लगे बोरवेल, कुओं और कृषि उपकरणों की सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस थाना अथवा डायल-112 पर देने की अपील की है।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!