सीमेंट कंटेनर और ट्रक में छिपाकर की जा रही थी शराब की तस्करी, एक आरोपी गिरफ्तार और दूसरा चालक फरार
अलीराजपुर, 12 अक्टूबर 2026। मध्यप्रदेश में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अलीराजपुर पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। पुलिस ने दोनों कार्रवाइयों में कुल 1,913 पेटी और 16,712 बल्क लीटर शराब बरामद की। शराब के परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे सीमेंट कंटेनर और ट्रक को भी जब्त किया गया। जब्त संपत्ति की कुल कीमत लगभग 2 करोड़ 17 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह भदौरिया के निर्देशन में थाना चांदपुर और थाना उदयगढ़ पुलिस ने की।
सीमेंट कंटेनर से 1,426 पेटी शराब बरामद
थाना चांदपुर पुलिस को राजस्थान नंबर के सीमेंट कंटेनर में अवैध शराब ले जाए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस टीम ने खंडवा-बड़ौदा हाईवे पर वाहन रोककर तलाशी ली। कंटेनर से 1,426 पेटी और 12,505 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद हुई। कंटेनर सहित जब्त संपत्ति की कीमत करीब 1.62 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, शराब पंजाब-हरियाणा सीमा के नरवाना क्षेत्र से लोड की गई थी और राजस्थान के विभिन्न शहरों तथा मध्यप्रदेश के कई जिलों से होते हुए गुजरात के बड़ौदा ले जाई जा रही थी। इस मामले में राजस्थान के बाड़मेर जिले के सेड़वा तहसील क्षेत्र के बमरला गांव निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
ट्रक में गुप्त तहखाना बनाकर छिपाई थी शराब
दूसरी कार्रवाई में थाना उदयगढ़ पुलिस ने ग्राम तलावद की ओर से आ रहे ट्रक को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर चालक ग्राम जवानिया के तालाब के पास ट्रक छोड़कर फरार हो गया। तलाशी के दौरान ट्रक में गुप्त तहखाना बनाकर छिपाई गई 487 पेटी और 4,207 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद हुई। ट्रक सहित जब्त संपत्ति की कीमत करीब 54.97 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
तस्करी नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस अब शराब के स्रोत, परिवहन से जुड़े लोगों और तस्करी के नेटवर्क की जांच कर रही है। फरार चालक की तलाश भी की जा रही है। मध्यप्रदेश पुलिस ने अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और परिवहन के खिलाफ अभियान जारी रखने की बात कही है।

