रतलाम | पुलिस दर्पण
रतलाम। रतलाम में एक बालिका को सुरक्षित और स्नेहपूर्ण पारिवारिक वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए अपर कलेक्टर बृजेंद्र कुमार रावत ने दत्तक ग्रहण संबंधी प्रकरण में आदेश जारी कर शिशु गृह रतलाम में निवासरत बालिका पूजा (परिवर्तित नाम) को विधिवत दत्तक माता-पिता के सुपुर्द किया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग सुभाष जैन ने बताया कि गुरुवार को अपर कलेक्टर कार्यालय में आयोजित प्रक्रिया के दौरान सभी वैधानिक औपचारिकताएं पूर्ण करने के बाद दत्तक ग्रहण आदेश जारी किया गया। इसके उपरांत बालिका को उसके नए परिवार को सौंपा गया।
इस अवसर पर दत्तक माता-पिता ने बालिका को भरपूर स्नेह, सुरक्षा, बेहतर शिक्षा और उज्ज्वल भविष्य प्रदान करने का संकल्प लिया। दत्तक ग्रहण की इस प्रक्रिया से बालिका को एक सुरक्षित, प्रेमपूर्ण और पारिवारिक वातावरण प्राप्त हुआ, जो उसके समग्र विकास एवं बेहतर भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
जिला प्रशासन ने कहा कि दत्तक ग्रहण की यह प्रक्रिया बाल अधिकारों के संरक्षण तथा प्रत्येक निराश्रित बालक-बालिका को परिवार उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। प्रशासन ने समाज से भी ऐसे मानवीय प्रयासों में सहभागिता बढ़ाने का आह्वान किया।

