मौके से 8 आरोपी फरार, ₹15.06 लाख के वाहन और ₹6,300 नकद सहित ताश के पत्ते जब्त
निर्मला पहाडे ब्यूरो प्रमुख छिंदवाड़ा
छिंदवाड़ा। नवगांव थाना पुलिस ने अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ग्राम बहनी रैयत में जुए के फड़ पर दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस कार्रवाई के दौरान आठ आरोपी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार 9 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बहनी रैयत में सीताराम चौहान के खेत के आम के पेड़ के नीचे जुआ फड़ संचालित हो रहा है। सूचना पर नवगांव पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी और मौके से शिवनाथ उइके उर्फ शिवा (42), निवासी सिंद्रई, थाना नवगांव, जिला छिंदवाड़ा तथा दिनेश सिरसाम (42), निवासी सरई, थाना मुलताई, जिला बैतूल को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹6,300 नकद, ताश के पत्ते और एक तिरपाल बरामद किया। इसके अलावा मौके से एक अर्टिगा कार, एक बोलेरो कार और चार मोटरसाइकिलें जब्त की गईं। जब्त वाहनों की कुल कीमत करीब ₹15 लाख 6 हजार 300 रुपये बताई गई है।
फरार आरोपियों में सरवन कुशराम, सीताराम चौहान, संतोष उइके उर्फ भंगी, जगदीश, दुर्गेश, ललित यादववंशी, राजेश धुर्वे और गोलू उर्फ अजमत उर्फ भैया शामिल हैं।
पुलिस ने थाना नवगांव में अपराध क्रमांक 192/2026, धारा 13 जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजन उइके सहित प्रधान आरक्षक जयप्रकाश सैयाम, आरक्षक शारदा, रमन सिंह, सलाउद्दीन शेख, वीर सिंह और रामकिशोर की अहम भूमिका रही।

