20.52 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त, 60 से 70 हजार रुपए का महुआ लाहन नष्ट
देवीनाथ लोखंडे सह संपादक दक्षिण मध्यप्रदेश
आठनेर। अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए आठनेर पुलिस ने 6 सितंबर को थाना क्षेत्र के कस्बाई और ग्रामीण इलाकों में ताबड़तोड़ कार्रवाई की। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध शराब के चार मामले दर्ज किए और कुल 20.52 लीटर शराब जब्त की। वहीं, अवैध शराब बनाने के लिए तैयार किया गया करीब 60 से 70 हजार रुपए कीमत का महुआ लाहन नष्ट कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार मुखबिरों से मिली सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई की गई। पहली कार्रवाई में ग्राम ठानी निवासी विजय दंवडे (29) के कब्जे से 14 क्वार्टर सफेद देशी प्लेन शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 1400 रुपए बताई गई है।
इसी तरह नामदेव पांसे (30), गोलू उर्फ संतोष धुर्वे (40) और मनीष धुर्वे (38) के कब्जे से करीब 6-6 लीटर हाथभट्टी की कच्ची महुआ शराब जब्त की गई। चारों मामलों में आबकारी अधिनियम की धारा 34(ए) के तहत प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
शराब से ज्यादा कीमत का लाहन पकड़ा
पुलिस कार्रवाई के दौरान अवैध शराब निर्माण के लिए तैयार किया गया बड़ी मात्रा में महुआ लाहन भी मिला। पुलिस ने मौके पर करीब 60 से 70 हजार रुपए अनुमानित कीमत का लाहन नष्ट कर दिया। कार्रवाई के बाद अवैध शराब बनाने और बेचने वालों में हड़कंप की स्थिति बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे और एसडीओपी भैंसदेही भूपेंद्र सिंह मौर्य के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र सिंह परिहार सहित पुलिस टीम की कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने साफ किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि अवैध अथवा संदिग्ध शराब का सेवन न करें और इसकी जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

