जुलाई-अगस्त में स्कूलों में लगेंगे विशेष बायोमेट्रिक अपडेट (Mandatory Biometric Update – MBU) शिविर
सागर / पुलिस दर्पण
नागरिकों को आधार सेवाओं का सुलभ और त्वरित लाभ दिलाने के उद्देश्य से आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में आधार सेवाओं की गुणवत्ता, लंबित प्रकरणों के निपटारे और विभिन्न विभागों के आपसी समन्वय पर विस्तृत चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
स्कूलों में लगेंगे विशेष एमबीयू कैंप, शिक्षा विभाग को रूपरेखा बनाने के निर्देश
बैठक में बच्चों के आधार अपग्रेडेशन को लेकर एक बड़ा निर्णय लिया गया है। जुलाई और अगस्त माह 2026 में जिले के सभी विद्यालयों में अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (Mandatory Biometric Update – MBU) के लिए विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इसके लिए कलेक्टर द्वारा शिक्षा विभाग को रूपरेखा तैयार करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में उपस्थित यूआईडीएआई के राज्य परियोजना प्रबंधक श्री निकेत दीवान ने स्पष्ट किया कि 5 वर्ष और 15 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट कराना अत्यंत अनिवार्य है। समय पर यह अपडेट होने से बच्चों को छात्रवृत्ति सहित अन्य सभी शासकीय व विभागीय योजनाओं का लाभ बिना किसी असुविधा के मिल सकेगा।
तहसीलदारों को निर्देश: 18 वर्ष से अधिक और बुजुर्गों के लंबित प्रकरणों को दें सर्वोच्च प्राथमिकता
लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने तहसील स्तर पर 18 वर्ष से अधिक आयु के लंबित नामांकनों और 100 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के प्रकरणों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ तत्काल निराकृत करने के निर्देश दिए हैं। इस कार्य की जिम्मेदारी जिले के समस्त तहसीलदारों को सौंपी गई है। इसके साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग तथा शिक्षा विभाग को निर्देशित किया गया है कि वे अपने विभागों के अंतर्गत आने वाली सभी आधार मशीनों को तत्काल क्रियाशील कर जनता के लिए नियमित सेवाएं शुरू करना सुनिश्चित करें।
ऑपरेटरों को मिला तकनीकी और व्यवहारिक प्रशिक्षण।
मुख्य बैठक के उपरांत यूआईडीएआई दिल्ली के सहायक प्रबंधक श्री पुष्पेन्द्र तिवारी द्वारा जिले के आधार ऑपरेटरों को एक विशेष तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान जिला ई-गवर्नेंस टीम ने ऑपरेटरों को मशीनों के सुचारू संचालन हेतु आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान किया। प्रशिक्षण में ऑपरेटरों को सख्त हिदायत दी गई कि वे नामांकन के दौरान होने वाली तकनीकी त्रुटियों को शून्य करें और केंद्र पर आने वाले नागरिकों के साथ शालीन व सौहार्दपूर्ण व्यवहार करें।
बैठक में संयुक्त कलेक्टर श्री गगन बिसेन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ देवेश पटेरिया, जिला शिक्षा अधिकारी श्री अरविन्द जैन, जिला कार्यक्रम अधिकारी (महिला एवं बाल विकास) श्री भरत सिंह राजपूत, जिला परियोजना समन्वयक श्री गिरीश मिश्रा , जिला प्रबंधक ई-गवर्नेंस श्री राहुल शर्मा तथा जिला प्रबंधक लोक सेवा श्री अभिनव जैन सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

