भोपाल / पुलिस दर्पण
मध्यप्रदेश पुलिस का 15 दिवसीय राज्यव्यापी साइबर जागरूकता अभियान #SafeClick2_0 गुरुवार को भोपाल में आयोजित भव्य समापन समारोह के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हो गया। अभियान के दौरान प्रदेशभर में व्यापक जनभागीदारी देखने को मिली और करोड़ों नागरिकों तक साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचाया गया।
समापन समारोह में पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाणा ने कहा कि “साइबर अपराधों की रोकथाम का सबसे प्रभावी हथियार जागरूकता है।” उन्होंने बताया कि अभियान के तहत पूरे प्रदेश में 8,600 से अधिक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से 1 करोड़ से अधिक नागरिकों तक प्रत्यक्ष रूप से साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी पहुंचाई गई। वहीं डिजिटल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए 6 करोड़ से अधिक लोगों तक साइबर अपराधों से बचाव का संदेश प्रसारित किया गया।
उन्होंने आमजन से अपील की कि किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक या साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में बिना देर किए साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई कर नुकसान को रोका जा सके।
समारोह में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (साइबर) श्री ए. साईं मनोहर, पुलिस आयुक्त भोपाल श्री संजय कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि, सामुदायिक पुलिस के सदस्य तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
मध्यप्रदेश पुलिस का यह अभियान साइबर सुरक्षा के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और नागरिकों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आया।

