ग्वालियर। पुलिस दर्पण
ग्वालियर। शहर के मुरार थाना क्षेत्र स्थित निबुआपुरा में छह वर्षीय मासूम रिया राणा की करंट लगने से हुई मौत के मामले में पुलिस ने 29 दिन की जांच के बाद बड़ा खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि एक ई-रिक्शा चालक चोरी की बिजली से वाहन चार्ज कर रहा था। उसकी लापरवाही ही मासूम की मौत का कारण बनी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गैरइरादतन हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 10 जुलाई की शाम रिया ट्यूशन से घर लौट रही थी। घर के बाहर खेलते समय वह चार्जिंग पर खड़े ई-रिक्शा के संपर्क में आ गई। वाहन में करंट प्रवाहित होने से उसे जोरदार बिजली का झटका लगा और वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास के लोगों ने तत्काल बिजली की सप्लाई बंद कर बच्ची को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी अनमोल शर्मा, जो रिया के घर के सामने किराए से रहता था, लंबे समय से संकरी गली में बिजली चोरी कर ई-रिक्शा चार्ज करता था। स्थानीय लोगों और परिजनों ने उसे कई बार ऐसा न करने की चेतावनी भी दी थी, लेकिन उसने लापरवाही जारी रखी।
पुलिस का कहना है कि तकनीकी जांच और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों से यह स्पष्ट हुआ कि घटना के समय ई-रिक्शा अवैध रूप से चार्जिंग पर लगा हुआ था। इसी कारण वाहन में करंट फैल गया और मासूम उसकी चपेट में आ गई। हादसे के बाद आरोपी परिवार सहित फरार हो गया था।
करीब 29 दिन तक चली जांच के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में गैरइरादतन हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर बिजली चोरी और असुरक्षित तरीके से वाहनों की चार्जिंग जैसे मामलों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। एक छोटी-सी लापरवाही ने एक मासूम की जिंदगी छीन ली और परिवार को ऐसा घाव दे दिया, जिसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती।

