छिंदवाड़ा में एमडी ड्रग्स तस्करी का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार

15 ग्राम एमडी ड्रग्स, दोपहिया वाहन, मोबाइल और नकदी समेत 3.81 लाख रुपये का माल जब्त

निर्मला पहाडे ब्यूरो प्रमुख छिंदवाड़ा

छिंदवाड़ा। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने एमडी ड्रग्स की तस्करी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 ग्राम एमडी ड्रग्स, दो दोपहिया वाहन, मोबाइल फोन और नकदी सहित कुल 3 लाख 81 हजार 200 रुपये का मशरूका जब्त किया है।

पुलिस के अनुसार, 6 सितंबर 2026 को कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिवनी निवासी विशाल विश्वकर्मा अपनी दोपहिया वाहन से इमलीखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में एमडी ड्रग्स लेकर पहुंचने वाला है। सूचना पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में टीम गठित कर तत्काल मौके पर दबिश दी गई। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर विशाल विश्वकर्मा और उसके साथी अनिमेष सूर्यवंशी को पकड़ लिया।

पूछताछ में विशाल ने पुलिस को बताया कि उसने एमडी ड्रग्स नागपुर निवासी अब्दुल रशीद कुरैशी से खरीदी थी। इसके बाद पुलिस ने अब्दुल रशीद की तलाश शुरू की और उसे भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 ग्राम एमडी ड्रग्स जिसकी कीमत करीब 37,500 रुपये, दोपहिया वाहन, मोबाइल फोन तथा नकदी बरामद की। जब्त मशरूका की कुल कीमत 3,81,200 रुपये बताई गई है।

तीनों आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस के मुताबिक आरोपी विशाल विश्वकर्मा के खिलाफ पूर्व में सिवनी जिले में एमडी ड्रग्स, चोरी और मारपीट के करीब 8 मामले दर्ज हैं। वहीं अब्दुल रशीद कुरैशी के खिलाफ नागपुर में मारपीट एवं बलवा सहित अन्य मामले दर्ज बताए गए हैं।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर एमडी ड्रग्स की सप्लाई चेन और इससे जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

इस कार्रवाई में नगर पुलिस अधीक्षक अभिषेक चौधरी, निरीक्षक आशीष कुमार दुबे सहित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!