पत्तों की बाजी और अंकों का खेल—एक ही दिन में 7 सटोरिए-जुआरी धराए, ₹20,670 नगद जब्त
देवीनाथ लोखंडे सह संपादक दक्षिण मध्यप्रदेश
सारनी में जुआ फड़ पर छापा तो गंज में सट्टे का खेल बेनकाब, ताश के 52 पत्ते, सट्टा पर्चियां और पेन भी बरामद
बैतूल। जिले में जुआ-सट्टे का खेल खेलने और खिलाने वालों के खिलाफ बैतूल पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देश पर हुई दो अलग-अलग कार्रवाइयों में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से ₹20 हजार 670 नगद सहित ताश के 52 पत्ते, सट्टा पर्चियां और पेन बरामद किए हैं।
पुलिस की लगातार कार्रवाई से अवैध जुआ-सट्टे के कारोबार से जुड़े लोगों में खलबली मची हुई है।
पाथाखेड़ा में जुआ फड़ पर अचानक धावा
सारनी पुलिस को सूचना मिली थी कि पाथाखेड़ा क्षेत्र में कुछ लोग ताश के पत्तों पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके की घेराबंदी कर जुआ फड़ पर दबिश दी।
पुलिस कार्रवाई से मौके पर हड़कंप मच गया। टीम ने पांच जुआरियों को धर दबोचा। मौके से ₹10,610 नगद और ताश के 52 पत्ते बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों में संजय तायवाडे, सुनील नागले, समीर लाहोरिया, अभिषेक गुप्ता और दुर्गेश लागड़े शामिल हैं।
यह कार्रवाई ASP कमलेश कुमार खरफुसे एवं SDOP सारनी प्रियंका करचाम के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक जयपाल इनवाती और पाथाखेड़ा चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक मनोज कुमार उईके की टीम ने की।
हमलापुर चौक पर अंकों के खेल का पर्दाफाश
दूसरी ओर थाना गंज पुलिस को मुखबिर से खबर मिली कि हमलापुर चौक स्थित पान ठेले के पास सट्टे का खेल चल रहा है। पुलिस ने बिना देर किए मौके पर घेराबंदी की और सट्टा खिला रहे दो आरोपियों को दबोच लिया।
पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपियों की पहचान मुन्ना उर्फ मोहम्मद अब्बास और गणेश मोहबे के रूप में हुई। तलाशी में दोनों के पास से सट्टा पर्चियां, लीड पेन और ₹10,060 नगद बरामद हुए।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नीरज पाल, उपनिरीक्षक संदीप परतेती सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस की दोहरी कार्रवाई से मचा हड़कंप
सारनी और गंज पुलिस की इन कार्रवाइयों ने साफ कर दिया है कि जिले में जुआ-सट्टे का अवैध कारोबार पुलिस की नजर से बचने वाला नहीं है। एक तरफ पाथाखेड़ा में जुआ फड़ पर कार्रवाई हुई तो दूसरी तरफ गंज क्षेत्र में सट्टे का खेल पुलिस ने पकड़ लिया।
दोनों मामलों में पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
SP की दो टूक—अवैध धंधे बर्दाश्त नहीं
पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने स्पष्ट किया है कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने आमजन से भी अपील की है कि ऐसे अवैध कारोबार से दूर रहें और अपने आसपास जुआ-सट्टा संचालित होने की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
डायल-112 पर सूचना देकर अपराध रोकने में पुलिस का सहयोग करें।
बैतूल पुलिस का संदेश साफ
“जुआ-सट्टे का खेल चलाओगे तो पुलिस की नजर से नहीं बच पाओगे—शिकंजा कसा है, कार्रवाई जारी रहेगी।”

