सारणी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गुडलिया पहुंची टीम
देवीनाथ लोखंडे सह संपादक दक्षिण मध्यप्रदेश
बैतूल। महिला एवं बाल अपराधों की रोकथाम और अपहृत बालिकाओं की शीघ्र दस्तयाबी को लेकर बैतूल पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत सारणी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने नाबालिग अपहृता को जिला सीहोर के गुडलिया क्षेत्र से सकुशल दस्तयाब कर मामले में आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपूशे एवं एसडीओपी सारणी प्रियंका करचाम के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सारणी निरीक्षक जयपाल इनवाती के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
8 मई को दर्ज हुआ था अपहरण का मामला
पुलिस के अनुसार 8 मई 2026 को फरियादिया ने थाना सारणी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत पर थाना सारणी में अपराध क्रमांक 141/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपहृता की तलाश के लिए तकनीकी माध्यमों का सहारा लिया। विवेचना के दौरान प्राप्त लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम को गुडलिया, जिला सीहोर रवाना किया गया।
लोकेशन के आधार पर सीहोर पहुंची पुलिस
सारणी पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए नाबालिग को आरोपी राजकुमार वरकड़े, पिता संतोष वरकड़े, उम्र 20 वर्ष, निवासी बरेठा के कब्जे से दस्तयाब कर लिया। इसके बाद अपहृता को सुरक्षित पुलिस संरक्षण में लिया गया।
पुलिस के मुताबिक अपहृता के कथनों और विवेचना में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपी द्वारा नाबालिग को बहला-फुसलाकर साथ ले जाने तथा उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए जाने के तथ्य सामने आए। इसके बाद प्रकरण में धारा 64(2)(एम) बीएनएस एवं धारा 5(एल)/6 पॉक्सो एक्ट का इजाफा किया गया।
आरोपी राजकुमार वरकड़े को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी सारणी निरीक्षक जयपाल इनवाती, उप निरीक्षक सुनील गौर, आरक्षक मोहित भाटी एवं आरक्षक मनोज पाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक बैतूल ने टीम की त्वरित एवं सराहनीय कार्रवाई की प्रशंसा की है।
पुलिस की आमजन से अपील
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि महिला एवं बाल अपराध से संबंधित किसी भी घटना की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या डायल-112 पर दें। किसी नाबालिग के लापता होने अथवा किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी को छिपाने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

