पुलिस अधीक्षक ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को दिया सफलता का मंत्र, दीक्षारंभ समारोह में अनुशासन और साइबर सुरक्षा का संदेश”

पीएमसीओई शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय का त्रिदिवसीय दीक्षारंभ कार्यक्रम संपन्न, विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा, साइबर सुरक्षा और करियर मार्गदर्शन की मिली जानकारी।
रतलाम / पुलिस दर्पण
पीएमसीओई शासकीय कला एवं विज्ञान महाविद्यालय में नवप्रवेशित प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए 1 से 3 जुलाई 2026 तक आयोजित त्रिदिवसीय दीक्षारंभ कार्यक्रम का शुक्रवार को सफल समापन हुआ। समापन समारोह में रतलाम पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. वाई. के. मिश्रा ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें अनुशासन, नियमित अध्ययन और परिश्रम को सफलता की कुंजी बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी कर अपने व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने अपने प्रेरक संबोधन में विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने, कानून का सम्मान करने तथा एक जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ईमानदारी, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास ही जीवन में सफलता का आधार हैं।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. संजय परिहार ने SWAYAM एवं NPTEL ऑनलाइन शिक्षण प्लेटफॉर्म की उपयोगिता बताते हुए विद्यार्थियों को देश के प्रतिष्ठित संस्थानों के गुणवत्तापूर्ण पाठ्यक्रमों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। वहीं मयंक व्यास ने साइबर फ्रॉड से बचाव, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार और सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग पर महत्वपूर्ण जानकारी दी।
डॉ. गोपाल खराड़ी ने प्रवेश प्रक्रिया, विषय चयन, छात्रवृत्ति योजनाओं, महाविद्यालय के नियमों एवं प्रशासनिक प्रक्रियाओं की विस्तार से जानकारी देते हुए विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।
दीक्षारंभ कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को महाविद्यालय परिसर का भ्रमण भी कराया गया। इस दौरान उन्होंने प्राणीशास्त्र, भौतिकी एवं रसायनशास्त्र प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, कक्षाओं सहित विभिन्न शैक्षणिक सुविधाओं का अवलोकन किया। विभागीय प्राध्यापकों ने प्रयोगशालाओं में उपलब्ध संसाधनों एवं आधुनिक उपकरणों की जानकारी देकर विद्यार्थियों को शिक्षण व्यवस्था से परिचित कराया।
कार्यक्रम का संचालन रियाज़ मंसूरी ने किया तथा अंत में आभार प्रदर्शन के साथ समारोह का समापन हुआ। तीन दिवसीय दीक्षारंभ कार्यक्रम विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायी एवं उपयोगी साबित हुआ, जिसने उन्हें आत्मविश्वास के साथ महाविद्यालयीन जीवन की नई शुरुआत करने के लिए प्रेरित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!