बकरियां चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, तीन आरोपी गिरफ्तार

बिछुआ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4 बकरियां और चोरी में इस्तेमाल कार जब्त

निर्मला पहाडे ब्यूरो प्रमुख छिंदवाड़ा

छिंदवाड़ा। बिछुआ थाना पुलिस ने बकरियों की चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई चार बकरियां, वारदात में प्रयुक्त मारुति कार क्रमांक HR20AO6712 तथा तीन मोबाइल फोन जब्त किए हैं। मामले में वाहन मालिक आशीष भाटे फरार बताया गया है, जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार 11 जुलाई 2026 की रात से 12 जुलाई की सुबह के बीच ग्राम कोठा निवासी फरियादी के खेत से अज्ञात आरोपियों ने चार बकरियां चोरी कर ली थीं। मामले में बिछुआ थाने में अपराध क्रमांक 70/2026 के तहत BNS की धारा 324/2026, 331(4) एवं 305(ए) में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

तकनीकी साक्ष्यों से पुलिस पहुंची आरोपियों तक

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा अजय पाण्डेय के निर्देशन में पुलिस टीम गठित की गई। थाना प्रभारी बिछुआ निरीक्षक सतीश उईके के नेतृत्व में टीम ने साइबर सेल और CCTV फुटेज की मदद से संदिग्धों की तलाश शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को एक सफेद रंग की मारुति कार क्रमांक HR20AO6712 में बकरियां ले जाने की जानकारी मिली। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम कुरई के जंगल मेन रोड पर वाहन को रोककर पूछताछ की। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की गई।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने बकरियां चोरी कर उन्हें नागपुर ले जाकर बेचने की तैयारी करने की बात स्वीकार की। इसके बाद आरोपियों की निशानदेही पर चार बकरियां और कार जब्त की गई।

ये आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में—

  1. प्रद्युम्न पिता दशरथ यादव, उम्र 29 वर्ष, निवासी ग्राम नदनापुर, थाना चौरई, जिला छिंदवाड़ा
  2. आशीष पिता मुखराम यादव, उम्र 31 वर्ष, निवासी ग्राम आमाकुंडा, थाना बिछुआ, जिला छिंदवाड़ा
  3. विनोद पिता सुखचंद यादव, उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम पाथरीकला, थाना छपारा, जिला सिवनी को गिरफ्तार किया है।

वहीं, जब्त वाहन के वाहन स्वामी आशीष भाटे निवासी मोहरखेड़ थाना मोहखेड़ को पुलिस ने फरार बताया है। उसकी तलाश की जा रही है।

15 लाख रुपये के मोबाइल भी जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस टीम अब आरोपियों से अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश उईके सहित पुलिस टीम और साइबर सेल के कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!