बैतूल में चोरी की दो वारदातों का खुलासा, 40 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

मोबाइल दुकान और युवा केंद्र को बनाया था निशाना, एलईडी टीवी, चार मोबाइल, खेल सामग्री और वारदात में इस्तेमाल रॉड जब्त

देवीनाथ लोखंडे सह संपादक पुलिस दर्पण दक्षिण मध्यप्रदेश

बैतूल। शहर में चोरी की दो वारदातों का कोतवाली पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई एलईडी टीवी, साउंड बॉक्स, चार मोबाइल फोन, हेडफोन, खेल सामग्री सहित अन्य सामान और वारदात में इस्तेमाल की गई रॉड जब्त की है। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी तक पहुंचने का दावा किया है।

युवा केंद्र और मोबाइल दुकान में की थी चोरी

पुलिस के मुताबिक, 9 और 10 अक्टूबर 2026 की दरमियानी रात अज्ञात आरोपी ने बैतूल के युवा केंद्र में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। यहां से एक सोनी कंपनी की एलईडी टीवी, साउंड बॉक्स और खेल सामग्री चोरी हुई थी। युवा केंद्र प्रभारी सुषमा गवली की शिकायत पर कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 880/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(e) में मामला दर्ज किया गया।

वहीं, 1 अक्टूबर की रात सदर क्षेत्र स्थित एक मोबाइल दुकान का ताला तोड़कर चार मोबाइल फोन और अन्य सामान चोरी कर लिया गया था। फरियादी आशीष दरबाई की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 883/2026 के तहत धारा 305(a) और 331(2) में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की।

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से मिला सुराग

दोनों मामलों की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थलों के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। सीन ऑफ क्राइम यूनिट बैतूल के प्रभारी निरीक्षक आबिद अंसारी ने घटनास्थलों का निरीक्षण कर भौतिक साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान ग्राम दनौरा निवासी सुरेश पिता अमरलाल भलावी (40 वर्ष) संदेह के दायरे में आया।

पुलिस टीम ने 14 अक्टूबर को संभावित ठिकानों पर दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर दोनों घटनाओं में चोरी गया सामान और वारदात में इस्तेमाल की गई रॉड बरामद की गई।

चोरी का सामान बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक सोनी एलईडी टीवी, एक साउंड बॉक्स, चार मोबाइल फोन, हेडफोन, खेल सामग्री, अन्य चोरी गया सामान और एक रॉड जब्त की है। पुलिस दोनों मामलों में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे और एसडीओपी बैतूल अन्नपूर्णा सिरसाम के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक देवकरण डेहरिया, सीन ऑफ क्राइम एक्सपर्ट निरीक्षक आबिद अंसारी सहित प्रधान आरक्षक तरुण, शिव कुमार, सुभाष माकोड़े तथा आरक्षक विवेक गाडगे, पवन एनिया, नितिन, सोनू सूर्यवंशी और राहुल शर्मा की भूमिका रही।

दुकानदारों से सतर्कता बरतने की अपील

पुलिस अधीक्षक ने दुकानदारों और आम नागरिकों से प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, पर्याप्त रोशनी रखने तथा घर-दुकान बंद करते समय ताले और सुरक्षा व्यवस्था की जांच करने की अपील की है। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाने अथवा डायल 112 पर देने की सलाह भी दी गई है।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!