देवींनाथ लोखंडे सह संपादक पुलिस दर्पण, दक्षिण मध्य प्रदेश
चिचोली/बैतूल। कांवड़ यात्रा के दौरान चिरापाटला स्थित शंकर ढाबा में हुए जानलेवा हमले के मामले में चिचोली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने ₹10 हजार के इनामी मुख्य आरोपी रोहित उर्फ रिंकू राठौर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर चाकू से हमला कर युवक को गंभीर रूप से घायल करने का आरोप है। घायल का इलाज भोपाल में जारी है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार 2 अगस्त 2026 को नितिश यादव अपने साथियों अंगद यादव, नयन यादव और महेश यादव के साथ चिरापाटला स्थित शंकर ढाबा पर चाय-नाश्ता करने पहुंचे थे। इसी दौरान रोहित उर्फ रिंकू राठौर और उसके साथी वहां पहुंचे। शराब बिक्री को लेकर विवाद इतना बढ़ा कि आरोपियों ने अंगद यादव पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकू के वार से अंगद के पेट और दोनों हाथों में गंभीर चोटें आईं। बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य युवकों के साथ भी लाठी-डंडों से मारपीट की गई।
घटना के बाद थाना चिचोली में अपराध क्रमांक 283/2026 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने मुख्य आरोपी पर ₹10 हजार का इनाम घोषित किया था। लगातार दबिश और तलाश के बाद पुलिस ने 4 अगस्त को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुराना हिस्ट्रीशीटर निकला आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी गंभीर है। उसके खिलाफ पहले से हत्या, हत्या के प्रयास, दंगा, आर्म्स एक्ट तथा एससी/एसटी एक्ट सहित कई संगीन अपराध दर्ज हैं। वर्ष 2025 में भी उसके खिलाफ मारपीट और आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हुए थे, जो न्यायालय में विचाराधीन हैं।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस की चेतावनी
बैतूल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून-व्यवस्था बिगाड़ने, जानलेवा हमला करने और असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी। आम नागरिकों से भी किसी भी आपराधिक घटना की सूचना तत्काल पुलिस या डायल-112 पर देने की अपील की गई है।

