भोपाल में दिखेगी नए कानून और आधुनिक पुलिस जांच की तस्वीर

3 से 7 अक्टूबर तक बीएचईएल दशहरा मैदान में चलेगी पांच दिवसीय प्रदर्शनी

आधुनिक एवं वैज्ञानिक अन्वेषण प्रणाली, साइबर सुरक्षा और नागरिक जागरूकता पर रहेगा विशेष जोर

भोपाल, 2 अक्टूबर 2026। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह 3 अक्टूबर को भोपाल में नवीन न्याय संहिताओं पर आधारित पांच दिवसीय भव्य प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। केंद्रीय गृह मंत्रालय के मार्गदर्शन में आयोजित यह प्रदर्शनी 3 से 7 अक्टूबर 2026 तक बीएचईएल दशहरा मैदान, गोविंदपुरा, भोपाल में आयोजित की जाएगी। इसका उद्देश्य आम नागरिकों को नवीन न्याय संहिताओं तथा आधुनिक पुलिसिंग एवं वैज्ञानिक अन्वेषण प्रणाली के प्रति जागरूक करना है।

अपराध की सूचना से न्याय तक की प्रक्रिया का होगा प्रदर्शन

प्रदर्शनी में नवीन न्याय संहिताओं के अनुरूप अपराध नियंत्रण, अन्वेषण और वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन की पूरी प्रक्रिया को सरल और सजीव रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। घटना की सूचना डायल-112 अथवा ई-एफआईआर के माध्यम से प्राप्त होने के बाद पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया, घटनास्थल पर पुलिस टीम की पहुंच तथा फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों की भूमिका को लाइव डेमो के जरिए दिखाया जाएगा।

घटनास्थल से तकनीकी एवं वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य और नमूने एकत्र करने तथा उन्हें सुरक्षित रखने की प्रक्रिया भी प्रदर्शित की जाएगी।

फॉरेंसिक जांच से अपराध के खुलासे तक

प्रदर्शनी में एकत्र किए गए साक्ष्यों के तकनीकी परीक्षण और पुलिस प्रणालियों के माध्यम से उनके मिलान की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। साक्ष्यों को फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (एफएसएल) तथा आवश्यकता के अनुसार मेडिको-लीगल जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया भी दर्शाई जाएगी।

वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर विवेचना को मजबूत करने और जांच के निष्कर्षों को न्यायिक प्रक्रिया के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करने की कार्यप्रणाली को भी समझाया जाएगा।

3D मॉडल और डिजिटल तकनीक होंगे आकर्षण

प्रदर्शनी में क्राइम सीन के 3D मॉडल, डिजिटल डिस्प्ले, वीडियो और लाइव डेमो के माध्यम से आधुनिक अन्वेषण प्रणाली को प्रदर्शित किया जाएगा। साइबर सुरक्षा को लेकर ‘सेफ क्लिक अभियान’ और ऑनलाइन ई-जीरो एफआईआर की जानकारी भी नागरिकों को दी जाएगी।

इसके अलावा ऑपरेशन मुस्कान, महिला हेल्प डेस्क और ‘Say No to Drugs’ जैसे जनजागरूकता अभियानों के माध्यम से पुलिस की नागरिक-केंद्रित भूमिका को प्रदर्शित किया जाएगा। नागरिकों और विद्यार्थियों के लिए नवीन न्याय संहिताओं पर आधारित लाइव डिजिटल क्विज का भी आयोजन होगा।

मध्यप्रदेश पुलिस की उपलब्धियां भी होंगी प्रदर्शित

प्रदर्शनी में मध्यप्रदेश पुलिस की विभिन्न महत्वपूर्ण उपलब्धियों को भी प्रस्तुत किया जाएगा। इनमें साइबर अपराधों की रोकथाम एवं खुलासे के लिए चलाए गए ‘सेफ क्लिक’ अभियान, सीसीटीएनएस के माध्यम से तकनीकी नवाचार एवं नेटवर्क के सफल क्रियान्वयन तथा नारकोटिक्स से जुड़े ‘नशे से दूरी है जरूरी’ अभियान की प्रमुख उपलब्धियां शामिल रहेंगी।

नागरिकों और विद्यार्थियों से सहभागिता की अपील

प्रदर्शनी का उद्देश्य नागरिकों को नवीन न्याय संहिताओं में हुए बदलावों, वैज्ञानिक साक्ष्यों के महत्व और आधुनिक अन्वेषण प्रणाली से परिचित कराना है। मध्यप्रदेश पुलिस ने नागरिकों, विद्यार्थियों और युवाओं से प्रदर्शनी में सहभागिता कर आधुनिक न्याय व्यवस्था एवं वैज्ञानिक पुलिसिंग को समझने का आग्रह किया है।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!