ड्यूटी के साथ परिवार की चिंता भी कम करेगी ‘वात्सल्य’ सुविधा

पुलिस परिवारों को बड़ी सौगात, 60 बच्चों की क्षमता वाले ‘वात्सल्य झूलाघर’ का शुभारंभ

भोपाल। पुलिस दर्पण

भोपाल। पुलिसकर्मियों की ड्यूटी के दौरान छोटे बच्चों की देखभाल को लेकर होने वाली चिंता को कम करने की दिशा में पुलिस विभाग ने महत्वपूर्ण पहल की है। पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाणा ने पुलिस पब्लिक स्कूल, नेहरू नगर में 60 बच्चों की क्षमता वाले नवनिर्मित ‘वात्सल्य झूलाघर’ (डे-केयर सेंटर) का शुभारंभ किया।

यह सुविधा विशेष रूप से ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों के छोटे बच्चों की देखभाल में सहायक होगी। इससे पुलिसकर्मी अपने पारिवारिक दायित्वों की चिंता से कुछ हद तक मुक्त होकर अधिक निश्चिंतता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकेंगे। वहीं, महिला पुलिसकर्मियों को भी पारिवारिक और व्यावसायिक जिम्मेदारियों के बीच बेहतर समन्वय बनाने में सुविधा मिलेगी।

पुलिस सेवा की चुनौतीपूर्ण और अनियमित प्रकृति को देखते हुए बच्चों के लिए सुरक्षित एवं व्यवस्थित डे-केयर सुविधा पुलिस परिवारों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है। ‘वात्सल्य झूलाघर’ के माध्यम से ड्यूटी के दौरान बच्चों की समुचित देखभाल सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया है।

गरबा कार्यक्रम की तैयारियों पर भी हुई चर्चा

इसी अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के परिवारों के लिए प्रस्तावित गरबा कार्यक्रम की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं को लेकर बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम को व्यवस्थित एवं सुविधाजनक बनाने से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!