डायल-112 से क्राइम सीन और वैज्ञानिक साक्ष्य तक, न्याय प्रक्रिया का सजीव प्रदर्शन

बीएचईएल दशहरा मैदान में 14 विशेष जोन में नवीन न्याय संहिताओं की जानकारी

नाट्य मंचन, मॉडल और डिजिटल तकनीक से समझाई जा रही पुलिस एवं न्याय व्यवस्था

भोपाल, 6 अक्टूबर 2026। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह द्वारा 3 अक्टूबर को बीएचईएल दशहरा मैदान में शुभारंभ की गई नवीन न्याय संहिताओं पर आधारित भव्य प्रदर्शनी में मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा आधुनिक पुलिसिंग और न्याय प्रक्रिया को आमजन के लिए सरल एवं सहज तरीके से प्रस्तुत किया जा रहा है। प्रदर्शनी में अपराध की सूचना मिलने से लेकर पुलिस रिस्पॉन्स, घटनास्थल की जांच, वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन, फॉरेंसिक जांच, अभियोजन और न्यायालयीन प्रक्रिया तक की पूरी यात्रा को 14 विशेष जोन में मॉडल, डिजिटल तकनीक, वीडियो और सजीव नाट्य मंचन के माध्यम से समझाया जा रहा है।

डायल-112 की कार्यप्रणाली का लाइव प्रदर्शन

प्रदर्शनी में डायल-112 का लाइव डेमो प्रमुख आकर्षण बना हुआ है। इसमें आपातकालीन कॉल प्राप्त करने, कॉलर से जानकारी लेने, सूचना दर्ज करने, डिस्पैचर द्वारा उसका विश्लेषण करने और संबंधित पुलिस टीम को घटनास्थल के लिए रवाना करने की प्रक्रिया दिखाई जा रही है। प्रदेशभर में 1200 FRV वाहनों की गतिविधियों की निगरानी और वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा मॉनिटरिंग की व्यवस्था भी प्रदर्शित की गई है।

क्राइम सीन से वैज्ञानिक जांच तक

3D क्राइम सीन मॉडल के माध्यम से गंभीर अपराध के घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच को प्रदर्शित किया जा रहा है। घटनास्थल को सुरक्षित करने, साक्ष्यों के संरक्षण, FSL टीम, फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ और डॉग स्क्वाड की सहायता से जांच करने की प्रक्रिया नाट्य मंचन के जरिए समझाई जा रही है। फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी, फिंगरप्रिंट और जैविक साक्ष्यों के संकलन तथा वैज्ञानिक परीक्षण की जानकारी भी दी जा रही है।

साइबर अपराध से बचाव का संदेश

प्रदर्शनी में साइबर ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए नागरिकों को साइबर फ्रॉड होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करने या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी जा रही है। ‘गोल्डन ऑवर’, म्यूल अकाउंट और डिजिटल अरेस्ट जैसी साइबर ठगी के प्रति भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

आज होगा वैज्ञानिक अनुसंधान चरण का मंचन

6 अक्टूबर को वैज्ञानिक अनुसंधान चरण का विशेष नाट्य मंचन किया जाएगा। इसमें FSL विशेषज्ञों, फोरेंसिक विशेषज्ञों और मेडिकल टीम की भूमिका के माध्यम से घटनास्थल से प्राप्त साक्ष्यों को वैज्ञानिक जांच के लिए आगे भेजने की प्रक्रिया समझाई जाएगी।

‘ऑपरेशन मुस्कान’ भी प्रदर्शनी का हिस्सा

प्रदर्शनी में ‘ऑपरेशन मुस्कान’ को विशेष फीचर के रूप में प्रस्तुत किया गया है। इसके माध्यम से गुमशुदा बालक-बालिकाओं की तलाश, पहचान एवं सत्यापन तथा उन्हें सुरक्षित रूप से परिजनों तक पहुंचाने की पुलिस प्रक्रिया को प्रदर्शित किया जा रहा है।

हेल्प डेस्क पर आगंतुकों को मिल रही जानकारी

प्रदर्शनी में हेल्प डेस्क भी स्थापित किया गया है। यहां नागरिकों और विद्यार्थियों को विभिन्न जोन, आधुनिक पुलिसिंग व्यवस्था तथा प्रदर्शित प्रक्रियाओं की जानकारी दी जा रही है। पांच दिवसीय यह प्रदर्शनी 7 अक्टूबर तक चलेगी और प्रतिदिन सुबह 11:30 बजे, दोपहर 1 बजे, 3:30 बजे तथा शाम 5 बजे सजीव नाट्य मंचन किया जा रहा है।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!