रातों-रात लापता हुई महिला पटवारी! बंद मिला मोबाइल, पुराने मित्र पर शक; तलाश में जुटी पुलिस

प्रशासनिक बैठक के बाद घर पहुंची थी पटवारी, सुबह तक नहीं मिला कोई सुराग; परिजनों की शिकायत पर गुमशुदगी दर्ज, सभी पहलुओं की जांच जारी।

रतलाम पुलिस दर्पण

रतलाम । जिले के आलोट में पदस्थ 30 वर्षीय महिला पटवारी दीपिका झीरले के संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक लापता होने से प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। सोमवार शाम प्रशासनिक बैठक में शामिल होने के बाद वह अपने किराए के मकान पर पहुंची थीं, लेकिन देर रात से उनका मोबाइल बंद है और उनसे कोई संपर्क नहीं हो सका।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन इंदौर से आलोट पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। शिकायत के आधार पर आलोट थाना पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर विशेष टीमों को तलाश में लगा दिया है। सूत्रों के अनुसार, मामले में धार जिले के एक पुराने पुरुष मित्र का नाम भी सामने आया है। कुछ लोगों ने आशंका जताई है कि वह महिला पटवारी को अपने साथ ले गया हो। हालांकि, पुलिस ने इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और सभी संभावित पहलुओं की जांच जारी है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल ने बताया कि गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जिन लोगों के संबंध में जानकारी मिली है, उनसे पूछताछ और तलाश की जा रही है। महिला के मिलने के बाद उनके बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!