रतलाम। पुलिस दर्पण
रतलाम। भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) 2012 बैच के अधिकारी श्री अजय कटेसरिया ने मंगलवार को रतलाम जिले के नवागत कलेक्टर के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण किया। कलेक्टर कार्यालय पहुंचने पर जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।
श्री कटेसरिया इससे पूर्व मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग में अपर सचिव तथा कर्मचारी चयन मंडल, मध्यप्रदेश, भोपाल के संचालक के पद पर कार्यरत थे। वे इससे पहले सतना जिले के कलेक्टर के रूप में भी अपनी प्रशासनिक सेवाएं दे चुके हैं। पदभार ग्रहण करने के बाद अधिकारियों ने उन्हें जिले की प्रशासनिक व्यवस्था, विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था तथा विभिन्न विभागों की प्रगति से संबंधित प्रारंभिक जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक कार्यों को पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता जताई।
इस अवसर पर नवागत कलेक्टर ने जिला कोषालय, रतलाम का प्रभार भी ग्रहण किया। वरिष्ठ कोषालय अधिकारी ने उन्हें कोषालय की कार्यप्रणाली एवं वित्तीय व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी से अवगत कराया।
पदभार ग्रहण समारोह के दौरान निवर्तमान कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह, सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र रावत सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

