एसपी वीरेन्द्र जैन ने परेड की तैयारियों का लिया जायजा, जवानों के टर्नआउट और अनुशासन की सराहना
देवीनाथ लोखंडे सह संपादक पुलिस दर्पण मध्य प्रदेश दक्षिण
बैतूल, 13 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर बैतूल पुलिस परेड ग्राउंड में गुरुवार को फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल आयोजित की गई। सुबह 9 बजे आयोजित रिहर्सल में पुलिस जवानों, एनसीसी कैडेट्स, स्काउट्स एवं स्कूली छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ सहभागिता की।
पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन ने फाइनल रिहर्सल का निरीक्षण कर परेड की तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस जवानों के शानदार टर्नआउट, अनुशासन और परेड प्रदर्शन की सराहना की।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे, एसडीओपी बैतूल सुश्री अन्नपूर्णा सिरसाम, डीएसपी महिला सेल, डीएसपी दिनेश मर्सकोले, रक्षित निरीक्षक, थाना प्रभारी गंज, थाना प्रभारी कोतवाली सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
परेड में दिखा अनुशासन और देशभक्ति
फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान पुलिस जवानों ने शानदार परेड का प्रदर्शन किया। सशस्त्र पुलिस जवानों द्वारा हर्ष फायर किया गया तथा पुलिस अधीक्षक ने परेड की सलामी ली। पुलिस बैंड की मधुर धुन के साथ राष्ट्रगान की प्रस्तुति हुई, जिस पर सभी उपस्थित अधिकारी-कर्मचारी एवं नागरिक सावधान मुद्रा में खड़े रहे।
एनसीसी, स्काउट एवं स्कूली छात्र-छात्राओं ने भी आकर्षक ड्रेस में अनुशासित प्रदर्शन किया। एसपी वीरेन्द्र जैन ने बच्चों की प्रस्तुतियों की भी सराहना की।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी हुई रिहर्सल
फाइनल रिहर्सल के दौरान स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री के अभिभाषण के वाचन में लगने वाले समय का भी अभ्यास कराया गया। इसके साथ ही स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीतों पर नृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। बच्चों के उत्साह और देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति से भर दिया।
एसपी ने दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
पुलिस अधीक्षक श्री वीरेन्द्र जैन ने सभी अधिकारियों एवं जवानों को 15 अगस्त के मुख्य समारोह में उत्तम टर्नआउट, अनुशासन, समयबद्धता और पूर्ण निष्ठा के साथ दायित्व निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस देश की आजादी के लिए बलिदान देने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को नमन करने का अवसर है।
एसपी ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों से समारोह में पूरे अनुशासन, गरिमा और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा।
जिलेवासियों से तिरंगा फहराने की अपील
पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों, प्रतिष्ठानों और संस्थानों पर तिरंगा फहराएं तथा राष्ट्रध्वज का सम्मान करें। उन्होंने नागरिकों से स्वतंत्रता दिवस समारोह में उत्साहपूर्वक सहभागिता कर राष्ट्रीय एकता, अखंडता और भाईचारे का संदेश देने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हम सभी राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों को निभाने का संकल्प लें तथा देश की एकता और अखंडता को और मजबूत बनाएं।

