10 लाख की एमडी ड्रग्स जब्त: रतलाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो तस्कर गिरफ्तार

रतलाम | पुलिस दर्पण

रतलाम । रतलाम पुलिस द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना रिंगनोद पुलिस और ढोढर चौकी पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए करीब 10 लाख रुपये कीमत की 100 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी रिंगनोद निरीक्षक आनन्द सिंह आजाद के नेतृत्व में चौकी प्रभारी ढोढर उपनिरीक्षक रघुवीर जोशी व पुलिस टीम ने 1 अगस्त 2026 को मुखबिर से मिली सूचना पर मोरिया रोड स्थित तहसील कार्यालय के सामने घेराबंदी की। इस दौरान संदिग्ध वसीम उर्फ बना (30) निवासी जनता कॉलोनी को पकड़ा गया।

तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 100 ग्राम अवैध एमडी ड्रग्स बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कूटी भी जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ और विवेचना के दौरान आरोपी वसीम की निशानदेही पर मोहम्मद शमी (29) निवासी महावीर कॉलोनी, जावरा को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस दोनों आरोपियों से एमडी ड्रग्स के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। मामले की विवेचना जारी है।

इस कार्रवाई में निरीक्षक आनन्द सिंह आजाद, उपनिरीक्षक रघुवीर जोशी, सुधीर सिंह राठौर, राधेश्याम, नरेन्द्र सिंह जगावत, शोभाराम शर्मा एवं सैनिक जितेन्द्र सिंह की सराहनीय भूमिका रही।

रतलाम पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और तस्करों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Advertisement

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!