खेलो इंडिया रेसलिंग सेंटर की पहलवान ने प्रदेश का प्रतिष्ठित खिताब जीता, रतलाम की पहली महिला बनीं जिसने हासिल किया यह गौरव
रतलाम। पुलिस दर्पण
रतलाम । मध्य प्रदेश के आर्थिक शहर इंदौर में आयोजित मध्य प्रदेश योद्धा महिला कुश्ती चैंपियनशिप में रतलाम की बेटी काजल रजक ने अपने दमदार प्रदर्शन से इतिहास रच दिया। खेलो इंडिया रेसलिंग सेंटर की प्रतिभाशाली पहलवान काजल ने 57 किलोग्राम भार वर्ग में प्रदेशभर की सभी प्रतिद्वंद्वी महिला पहलवानों को पराजित कर ‘महिला मध्य प्रदेश योद्धा’ का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम कर लिया।
यह उपलब्धि केवल काजल के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे रतलाम जिले के लिए गर्व का क्षण है। काजल रजक रतलाम की पहली महिला पहलवान बन गई हैं, जिन्होंने यह प्रतिष्ठित राज्य स्तरीय खिताब जीतकर जिले का नाम पूरे मध्य प्रदेश में रोशन किया है। प्रतियोगिता में भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश मंत्री एवं अंतरराष्ट्रीय पहलवान बलवंत भाटी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता महिला पहलवानों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उल्लेखनीय है कि बलवंत भाटी स्वयं काजल रजक के कोच भी हैं और वे आमिर खान अभिनीत सुपरहिट फिल्म ‘दंगल’ में रेफरी की भूमिका निभा चुके हैं। प्रतियोगिता के दौरान रतलाम खेलो इंडिया रेसलिंग सेंटर की मुख्य प्रशिक्षक छाया शर्मा ने ऑफिशियल के रूप में अपनी सेवाएं दीं। काजल की इस ऐतिहासिक सफलता पर जिला खेल अधिकारी रुचि शर्मा, साइंस एंड आर्ट्स महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. वाई.के. मिश्रा, भीम सिंह भाटी, जितेंद्र राठौड़, सुभाष भाटिया सहित खेलो इंडिया रेसलिंग सेंटर के खिलाड़ियों और पदाधिकारियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

